श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बाद दौसा में ट्रेन पर हमला, चलती जयपुर-हिसार पैसेंजर पर पथराव से मची अफरातफरी

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बाद दौसा में ट्रेन पर हमला, चलती जयपुर-हिसार पैसेंजर पर पथराव से मची अफरातफरी


Last Updated:

Dausa Train Stone Pelting: राजस्थान में रेलवे सुरक्षा को लेकर एक और घटना सामने आई है. श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ इलाके में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की घटना के बाद अब दौसा के बसवा स्टेशन के पास जयपुर-हिसार पैसेंजर ट्रेन पर पथराव किया गया. चलती ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं. यात्रियों की शिकायत पर RPF ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

दौसा में पैसेंजर ट्रेन को बनाया निशाना

दौसा: राजस्थान में रेल सुरक्षा को लेकर एक बार फिर हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. बीते दिनों भारत-पाकिस्तान सीमा के समीप स्थित श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ इलाके में 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध विस्फोट की घटना के बाद अब दौसा जिले में चलती पैसेंजर ट्रेन को निशाना बनाया गया है.

जयपुर से हिसार की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन पर दौसा के बसवा स्टेशन के समीप अज्ञात असमाजिक तत्वों द्वारा अचानक पथराव कर दिया. इस अचानक हुए पथराव से ट्रेन के डिब्बों में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया.

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए
हाल ही में श्रीगंगानगर के सीमावर्ती क्षेत्र में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर किए विस्फोट की गंभीर घटना के तुरंत बाद दौसा में हुई इस वारदात ने रेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं. हालांकि इस घटना में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

यात्रियों को आई हल्की चोटें
मिली जानकारी के अनुसार, जयपुर-हिसार पैसेंजर ट्रेन जब दौसा जिले के बसवा रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी पटरियों के किनारे बैठे कुछ उपद्रवी युवकों ने ट्रेन पर अचानक पथराव शुरू कर दिया. पत्थरों के सीधे खिड़कियों से टकराने के कारण बोगियों में बैठे यात्रियों में डर का माहौल बन गया. इस घटना में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया. किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया. घटना के बाद घबराए यात्रियों ने गंतव्य पर पहुंचकर रेल प्रशासन से मामले की शिकायत दर्ज कराई.

यात्रियों की शिकायत पर आरपीएफ हरकत में
यात्रियों द्वारा दी गई आधिकारिक शिकायत के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है. आरपीएफ की टीम ने बसवा स्टेशन और आसपास के पटरियों वाले इलाके का मुआयना किया है. रेलवे पुलिस का कहना है कि पटरियों के पास बैठकर इस तरह की खतरनाक हरकत करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर संदिग्ध युवकों का पता लगाया जा रहा है ताकि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके.

श्रीगंगानगर विस्फोट कांड के बाद बढ़ी सतर्कता
श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ क्षेत्र में 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के बाद से ही पूरे प्रदेश में रेलवे ट्रैक और ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है. ऐसे माहौल में दौसा के पास ट्रेन पर पथराव की घटना ने रेलवे सुरक्षा बलों की गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील रेल खंडों पर आरपीएफ की गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे सिरफिरे उपद्रवियों पर सख्त से सख्त नकेल कसी जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचा जा सके.



Source link