Ground Report: कोई लटककर, तो कोई खड़े-खड़े कर रहा सफर.. अंबाला के कैंट स्टेशन पर छठ यात्रियों की भीड़ बेकाबू

Ground Report: कोई लटककर, तो कोई खड़े-खड़े कर रहा सफर.. अंबाला के कैंट स्टेशन पर छठ यात्रियों की भीड़ बेकाबू


अंबाला: छठ महापर्व से पहले अपने घर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर देखने को मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. कोई खिड़की के रास्ते ट्रेन में घुसने की कोशिश कर रहा है तो कोई दरवाजे पर लटककर सफर करने को मजबूर है. दरअसल, यात्रियों का आरोप है कि रेलवे की तैयारियां भीड़ के आगे नाकाफी साबित हो रही हैं. बता दें कि छठ महापर्व का नाम आते ही बिहार और पूर्वांचल के लोगों में अपने घर पहुंचने की उत्सुकता बढ़ जाती है.

छठ महापर्व पर घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भारी भीड़

सालभर कामकाज के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग इस खास पर्व पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाना चाहते हैं. लेकिन इस बार घर पहुंचने की यह खुशी अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है. स्टेशन पर यात्रियों का भारी हुजूम उमड़ा हुआ है और बिहार व उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है.

खिड़कियों से ट्रेन में चढ़ने को मजबूर यात्री, हादसे का खतरा

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर हालात ऐसे बने हुए हैं कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ एक साथ डिब्बों की तरफ दौड़ पड़ती है. जनरल कोच तो पूरी तरह खचाखच भरे नजर आ रहे हैं, वहीं स्लीपर और एसी कोचों में भी यात्रियों की भारी भीड़ होने की बात सामने आ रही है. कई यात्री खिड़कियों के रास्ते अंदर जाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं तो कई दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं. सबसे चिंताजनक बात यह है कि कुछ यात्री रेलवे ट्रैक के रास्ते ट्रेन में चढ़ने की कोशिश भी कर रहे हैं. ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

अतिरिक्त ट्रेनों और कोचों की मांग, रेलवे की तैयारियों पर उठे सवाल

वहीं, सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब छठ महापर्व हर साल आता है और इस दौरान बिहार व उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है, तो रेलवे प्रशासन की ओर से समय रहते पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जाते? रेलवे की तरफ से त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन अंबाला कैंट स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ देखकर व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं. यात्रियों की मांग है कि अतिरिक्त ट्रेनों के साथ मौजूदा ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जाएं, ताकि लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर न करना पड़े.

शाम 5 बजे से ट्रेन का इंतजार कर रहे विकास कुमार

वहीं, Local18 को ज्यादा जानकारी देते हुए यात्री विकास कुमार ने बताया कि वह छठ पूजा मनाने के लिए अपने घर जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें कोई भी ट्रेन खाली नहीं मिल रही है. उन्होंने बताया कि वह शाम करीब 5 बजे से ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं और रात होने के बावजूद उन्हें घर जाने के लिए उचित ट्रेन नहीं मिल पाई. उनके अनुसार, जो भी ट्रेन स्टेशन पर पहुंच रही है, वह पहले से ही यात्रियों से भरी हुई आ रही है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को दरवाजों पर लटककर, बाथरूम में बैठकर और जहां जगह मिले, वहीं बैठकर सफर करना पड़ रहा है.

एक साल बाद छठ मनाने घर जा रहे हरि कुमार, भीड़ से परेशान

यात्री हरि कुमार ने बताया कि वह एक साल बाद छठ पूजा के मौके पर अपने घर जा रहे हैं, लेकिन इस बार भीड़ पहले से कहीं ज्यादा दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हजारों अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की बात कही गई थी, लेकिन स्टेशन पर हालात कुछ और ही नजर आ रहे हैं. टिकट मिलना मुश्किल है और जनरल कोचों के साथ स्लीपर व एसी कोचों में भी भारी भीड़ है. उन्होंने कहा कि सरकार को वंदे भारत जैसी ट्रेनों के साथ-साथ आम यात्रियों के लिए चलने वाली साधारण ट्रेनों की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए. हरि कुमार चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं और अब अंबाला स्टेशन पर किसी तरह अपने घर जाने वाली ट्रेन मिलने का इंतजार कर रहे हैं.

नहीं मिल रही जगह

वहीं, एक महिला यात्री सुनीता ने बताया कि उन्हें केवल सहारनपुर तक जाना है, लेकिन लोकल सफर करने के लिए भी ट्रेन में जगह नहीं मिल रही. उनके साथ छोटे बच्चे भी हैं और ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि खड़े होने तक की जगह नहीं बची. उन्होंने मांग की कि त्योहार के दौरान लोकल ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी न हो.

परिवार के साथ बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री

यात्री जबेला राम ने बताया कि वह परिवार के पांच सदस्यों के साथ बिहार में छठ पूजा मनाने जाना चाहते हैं. परिवार के 5 से 7 लोग अब ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि त्योहार के इन दिनों में ज्यादा से ज्यादा ट्रेनें चलाई जाएं.



Source link