गोबर बना सकता है करोड़पति! बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में बनेगा पेंट, 25-30 लाख में शुरू करें अपना कारोबार

गोबर बना सकता है करोड़पति! बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में बनेगा पेंट, 25-30 लाख में शुरू करें अपना कारोबार


पटना. गोबर अब सिर्फ खेतों में खाद बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे घरों की दीवारों को रंगने वाला पेंट भी तैयार किया जाएगा. बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में गोबर से पेंट बनाने की दिशा में एक नई परियोजना पर काम शुरू करने की तैयारी है. इसके जरिए गोबर को उपयोगी उत्पाद में बदलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और उद्यमिता की नई संभावनाएं विकसित करने की कोशिश की जाएगी. इस तकनीक से तैयार होने वाला पेंट प्राकृतिक और हर्बल उत्पाद के रूप में बाजार में उतारा जा सकता है.

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. दुष्यंत यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय में गोबर से पेंट बनाने को लेकर एक प्रोजेक्ट आया है, जिस पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि गोबर से तैयार पेंट की खासियत यह है कि यह घर के अंदर का तापमान लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक कम रखने में मदद कर सकता है. इसके अलावा भी गोबर का इस्तेमाल कर करोड़पति बना जा सकता है. आज की तारीख में कई महिलाएं गोबर का उपयोग कर करोड़ों का कारोबार कर रही हैं.

साधारण खाद से भी शुरू हो सकता है कारोबार
गोबर से कमाई का सबसे आसान तरीका फार्मयार्ड मैन्योर यानी पारंपरिक गोबर खाद तैयार करना है. इसके लिए गोबर को तीन से चार महीने तक गड्ढे में रखकर सड़ाया जाता है. इसमें खेतों से निकलने वाले खरपतवार और अन्य जैविक पदार्थ भी मिलाए जा सकते हैं. तैयार खाद का इस्तेमाल खेतों में उर्वरता बढ़ाने के लिए किया जाता है. किसान अपनी जरूरत पूरी करने के बाद इसे दूसरे किसानों को बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त कर सकते हैं.

वर्मी कंपोस्ट से बढ़ेगी गोबर की कीमत
गोबर से अधिक मूल्य वाला प्रोडक्ट तैयार करने का दूसरा विकल्प वर्मी कंपोस्ट है. इसमें चार से पांच दिन पुराने गोबर को छोटे-छोटे बेड या ईंटों से बने ब्लॉक में रखा जाता है और उसमें केंचुए छोड़े जाते हैं. केंचुए गोबर को जैविक खाद में बदल देते हैं. इससे खाद अधिक भुरभुरी और बागवानी तथा फूलों की खेती के लिए उपयोगी बनती है.

डॉ. दुष्यंत यादव बताते हैं कि बाजार में वर्मी कंपोस्ट की कीमत लगभग 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक हो सकती है. बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में भी वर्मी कंपोस्ट तैयार किया जाता है, जहां यह लगभग 15 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है. विश्वविद्यालय की ओर से वर्मी कंपोस्ट बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है. इस काम को कम निवेश में शुरू किया जा सकता है.

बायोगैस से घटेगा रसोई का खर्च
गोबर के बेहतर उपयोग में बायोगैस की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. पशुपालक अपने घर या डेयरी परिसर में छोटा बायोगैस प्लांट लगाकर गोबर से रसोई के लिए ईंधन तैयार कर सकते हैं. इससे एलपीजी पर निर्भरता कम करने और घरेलू खर्च बचाने में काफी हद मदद मिल सकती है.

डॉ. दुष्यंत यादव बताते हैं कि अब बायोगैस प्लांट के कई आधुनिक मॉडल उपलब्ध हैं. इन्हें कंक्रीट, ईंट, पॉलीबैग और ड्रम आधारित स्ट्रक्चर में तैयार किया जा सकता है. जरूरत और उपलब्ध गोबर के अनुसार अलग-अलग क्षमता के प्लांट लगाए जा सकते हैं. उन्होंने आगे बताया कि तीन से चार पशुओं के गोबर से पर्याप्त गैस तैयार हो सकती है, जिससे 10 से 15 सदस्यों वाले परिवार का दोनों समय का खाना बनाने में मदद मिल सकती है.

गोबर से बनेगा पेंट, तापमान कम रखने में भी मदद
गोबर से तैयार होने वाला काउ डंग पेंट इस क्षेत्र का एक नया व्यावसायिक विकल्प बनकर उभर रहा है. इसका इस्तेमाल घरों की दीवारों पर पेंटिंग के लिए किया जा सकता है. डॉ. दुष्यंत यादव बताते हैं कि इस तरह के पेंट की खासियत यह है कि यह घर के अंदर का तापमान लगभग तीन डिग्री तक कम रखने में मदद कर सकता है. इसके अलावा इसे हर्बल और प्राकृतिक उत्पाद के रूप में भी बाजार में पेश किया जा सकता है.

हालांकि, इस व्यवसाय को बड़े स्तर पर शुरू करने के लिए करीब 25 से 30 लाख रुपये तक के शुरुआती निवेश की जरूरत पड़ सकती है. डॉ. दुष्यंत यादव की मानें, तो खादी ग्रामोद्योग के साथ समन्वय कर इसके उत्पादन और मार्केटिंग की संभावनाएं भी तलाशी जा सकती हैं.

दीये, अगरबत्ती और सजावटी सामान से मिलेगा बाजार
आजकल गोबर से दीये, पेंटिंग, फोटो फ्रेम और सजावटी वस्तुएं भी बनाई जा रही हैं. त्योहारों के मौसम में गोबर से बने दीयों की मांग का लाभ उठाया जा सकता है. इसके अलावा गोबर से अगरबत्ती और सुगंधित कंडे भी तैयार किए जा सकते हैं. इनमें कपूर, लौंग और दूसरे सुगंधित पदार्थ मिलाकर ऐसे उत्पाद बनाए जाते हैं, जिनका इस्तेमाल पूजा-पाठ और सुगंध के लिए किया जा सकता है. छोटे आकार के इन कंडों को विशेष पात्र में रखकर धीरे-धीरे सुलगाया जा सकता है. इस तरह के उत्पादों को स्थानीय बाजार, पूजा सामग्री की दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचा जा सकता है.

ट्रेनिंग लेकर बन सकते हैं उद्यमी
डॉ. दुष्यंत बताते हैं कि बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में गोबर के अलग-अलग व्यावसायिक उपयोगों को लेकर ट्रेनिंग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है. वर्मी कंपोस्ट का प्रशिक्षण पहले से चल रहा है, जबकि बायोगैस और गोबर से पेंट बनाने जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण शुरू करने की योजना है.

उनका कहना है कि किसान और पशुपालक इन तकनीकों को सीखकर अपना छोटा उद्यम या स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं. इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि हर व्यवसाय के लिए भारी निवेश जरूरी नहीं है. सीधे गोबर की खाद तैयार करने में कम पूंजी लगती है, वर्मी कंपोस्ट में उससे कुछ अधिक और बायोगैस तथा पेंट निर्माण जैसे कामों में जरूरत के अनुसार निवेश बढ़ता जाता है.



Source link