दिवाली पर बाजारों में भीड़ लगना और मिठाइयों की दुकानों पर लंबी कतारें लगना आम बात है. लेकिन अब त्यौहारों की खरीदारी का तरीका तेजी से बदल रहा है. लोग आखिरी समय में भी घर बैठे कुछ ही मिनटों में मिठाई, दीये, फूल, गिफ्ट और सजावट का सामान मंगा रहे हैं. इस बार दिवाली पर क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर हुई खरीदारी ने दिखाया कि ऑनलाइन डिलीवरी अब सिर्फ दूध, ब्रेड और रोजमर्रा के सामान तक सीमित नहीं रह गई है.
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, स्विगी इंस्टामार्ट( Swiggy Instamart) और जेप्टो (Zepto) के आंकड़ों के मुताबिक, इस दिवाली लोगों ने मिठाइयों से लेकर पार्टी के सामान और सोने-चांदी के सिक्कों तक की खरीदारी ऑनलाइन की. खास बात यह रही कि ग्राहकों ने त्यौहार की तैयारी के लिए पहले से खरीदारी करने के बजाय कई जरूरी चीजें आखिरी समय में भी ऑर्डर कीं. इससे क्विक कॉमर्स कंपनियों के कारोबार में अच्छी तेजी देखने को मिली.
Zepto पर तीन गुना बढ़ी गिफ्ट हैम्पर की मांग
Zepto के मुताबिक, इस दिवाली प्लेटफॉर्म पर फेस्टिव हैम्पर के ऑर्डर पिछले साल के मुकाबले तीन गुना हो गए. इससे पता चलता है कि लोग अब अलग-अलग सामान खरीदने के बजाय तैयार गिफ्ट पैक को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. त्यौहारों की सजावट के लिए भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की. Zepto पर दीयों के करीब 4.68 लाख ऑर्डर दर्ज किए गए. वहीं, फूलों और मालाओं की मांग पिछले साल के मुकाबले 2.5 गुना बढ़ गई.
| खरीदारी का सामान | प्लेटफॉर्म | आंकड़े |
|---|---|---|
| फेस्टिव हैम्पर | जेप्टो | ऑर्डर तीन गुना बढ़े |
| दीये | जेप्टो | 4.68 लाख ऑर्डर |
| फूल और मालाएं | जेप्टो | मांग 2.5 गुना बढ़ी |
| पार्टी से जुड़ा सामान | इंस्टामार्ट | ऑर्डर 162% बढ़े |
| स्नैक्स और नमकीन | इंस्टामार्ट | मांग 42% बढ़ी |
| सबसे पसंदीदा मिठाई | इंस्टामार्ट | काजू कतली |
| सबसे ज्यादा बिकने वाला नॉन-ग्रोसरी आइटम | इंस्टामार्ट | डाइट कोक |
| सबसे बड़ा शॉपिंग ऑर्डर | इंस्टामार्ट | मुंबई से 1.11 लाख रुपये |
मिठाइयों की बात करें तो ऑर्डर की संख्या के लिहाज से लड्डू सबसे आगे रहा. हालांकि, कुल बिकने वाली मात्रा के मामले में सोन पापड़ी ने ही बाजी मारी. इसके अलावा ट्रेडिशनल करड़े और फैशन से जुड़े सामान की खरीदारी भी पिछले साल की तुलना में दोगुनी हो गई. दिवाली के दिन ब्यूटी प्रोडक्ट्स के ऑर्डर भी सबसे ज्यादा रहे.
इंस्टामार्ट पर काजू कतली और डाइट कोक की धूम
स्विगी इंस्टामार्ट पर भी दिवाली के दौरान खरीदारी में अच्छी तेजी रही. कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, पार्टी की तैयारी से जुड़े सामान के ऑर्डर में सालाना आधार पर 162 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. वहीं, स्नैक्स और नमकीन की मांग 42 फीसदी बढ़ गई.
मिठाइयों में काजू कतली ग्राहकों की पहली पसंद रही. इसके बाद मोतीचूर के लड्डू और बेसन के लड्डू का स्थान रहा. दिलचस्प बात यह है कि दिवाली की शाम डाइट कोक इंस्टामार्ट पर सबसे ज्यादा बिकने वाला नॉन-ग्रोसरी प्रोडक्ट रहा.
8 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा ऑर्डर दर्ज किए गए. वहीं, एक मिनट में सबसे ज्यादा ऑर्डर सुबह 11 बजकर 18 मिनट पर आए. रायपुर, मदुरै, गुवाहाटी, त्रिशूर और कोल्लम में भी त्योहारों की खरीदारी में अच्छी तेजी देखने को मिली.
घर बैठे मंगाए सोने-चांदी के सिक्के
इस दिवाली क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर सिर्फ मिठाई और सजावट का सामान ही नहीं, बल्कि सोने और चांदी के सिक्के भी खूब खरीदे गए. धनतेरस के मौके पर इंस्टामार्ट पर सोने का पहला सिक्का हैदराबाद से रात 12 बजकर 30 सेकंड पर ऑर्डर किया गया. इसके बाद बेंगलुरु से चांदी के सिक्के का ऑर्डर आया. सोने के सिक्कों में फूलों वाले डिजाइन ग्राहकों को सबसे ज्यादा पसंद आए. वहीं, चांदी के सिक्कों की खरीदारी में लक्ष्मी-गणेश डिजाइन की हिस्सेदारी 73 फीसदी रही. इनकी खरीदारी शाम 6 बजकर 38 मिनट पर सबसे ज्यादा दर्ज की गई.
मुंबई में सबसे बड़ा फेस्टिव शॉपिंग ऑर्डर 1.11 लाख रुपये का रहा. इसमें लक्ष्मी-गणेश और कमल के डिजाइन वाले सोने के सिक्के शामिल थे. हैदराबाद से 52,215 रुपये का ऑर्डर भी आया, जिसमें 2 ग्राम का सोने का सिक्का और 100 ग्राम की चांदी के बार भी शामिल थे.