लखनऊः उत्तर प्रदेश में दीपावली के अगले दिन सोमवार को अलग-अलग सड़क हादसों में 25 लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक ये हादसे मुजफ्फरनगर, चित्रकूट, लखनऊ, कुशीनगर और शाहजहांपुर समेत राज्य के विभिन्न जिलों में हुए. सबसे भीषण हादसा मुजफ्फरनगर में हुआ, जहां हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रही एक कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई. कार में आग लगने से उसमें सवार छह लोगों की जलकर मौत हो गई.
6 लोगों की जलकर हुई थी मौत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब चार बजकर 50 मिनट पर पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर तितावी थाना क्षेत्र के जगाहेड़ी गांव के पास हुआ. उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राहुल (22), अंकित (21), साहिल (22), अजय (22), अंकित (22) और अमन (19) के रूप में हुई है. सभी हिसार के रहने वाले थे. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार तेज रफ्तार से चलाए जाने की बात सामने आई है। चालक के नियंत्रण खोने के बाद कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
चित्रकूट में चार लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर के ही शाहपुर क्षेत्र में संजक गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से 15 वर्षीय मोनिश की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया. बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है. इस बीच, चित्रकूट के मऊ तहसील क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर के पास आठ और नौ नवंबर की दरमियानी रात करीब ढाई बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई. हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए.
बिहार जा रही बस पलटी, तीन की मौत
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि वाहन चित्रकूट से लौट रहा था, तभी ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक निकल गया. इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उस पर सवार लोग नीचे दब गए. उन्होंने बताया कि वाहन में मध्यप्रदेश के रीवा जिले के एक परिवार समेत करीब 25 लोग सवार थे. एक अन्य हादसे में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट के पास सोमवार सुबह करीब छह बजे राजस्थान के ब्यावर से बिहार के छपरा जा रही एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 41 अन्य घायल हो गए. पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों में शंकर रजक (63) और शमली राय (43) शामिल हैं, जबकि तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.
शाहजहांपुर में बस चालक-परिचालक की मौत
उधर, शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक निजी बस से उतरकर खिड़की के शीशे की जांच कर रहे परिचालक विपिन यादव (50) और उसके सहायक कौशल (35) को एक अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, बस दिल्ली से झारखंड जा रही थी. जालौन जिले में सोमवार देर शाम कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में चार वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
हादसे में तीन लोगों की हुई मौत
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव ने बताया कि माधौगढ़ थाना क्षेत्र के महोई गांव के पास लिफ्ट कैनाल के सामने कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार चारों लोगों को बाहर निकाला. हादसे में नृपेन्द्र सिंह (32), पार्थ (17) और मानवी (चार) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि घायल आरती वर्मा (30) को मेडिकल कॉलेज, उरई रेफर किया गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.