Last Updated:
Kota Khekra Tradition: कोटा के हाड़ौती अंचल में गोवर्धन पूजा के अगले दिन पड़वा पर निभाई जाने वाली खेखरा परंपरा आज भी ग्रामीण संस्कृति की पहचान बनी हुई है. कोटा के धर्मपुरा गांव में पशुपालकों ने गाय-भैंसों को नहलाकर और सजाकर उनकी पूजा की. इसके बाद मृत पाड़े के चमड़े में चारा भरकर बनाई गई खेखरा को रस्सी से बांधकर पशुओं के सामने खींचा गया. इसे देखकर गाय-भैंस उसके पीछे दौड़ने लगीं. मान्यता है कि इस परंपरा से पशुओं में अपने बच्चों की रक्षा का भाव जागता है और वे तंदुरुस्त रहते हैं. इस दौरान बुजुर्गों ने गोट गायन भी किया. परंपरा में जोखिम होने के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं हुआ. शहरों में बस चुके लोग भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए अपने गांव लौटे.
कोटा. गोवर्धन पूजा पर कोटा के धर्मपुरा में पशुपालकों ने बरसों पुरानी ‘खेखरा’ परंपरा निभाई. हाड़ौती अंचल की इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे. सुबह से ही गांव में उत्सव का माहौल रहा. पशुपालकों ने गाय-भैंसों को नहलाकर सजाया. उनके सिर पर मोर पंख की मोडी बांधी गई और विधि-विधान से पूजा की गई. गुर्जर समाज मुख्य रूप से पशुपालन और दूध के व्यवसाय से जुड़ा है, इसलिए उनके लिए गाय-भैंस ही लक्ष्मी का रूप हैं.
पूजा के बाद खेखरा शुरू हुआ. इसमें मृत पाड़े के चमड़े में चारा भरकर उसे रस्सी से बांधा जाता है. पहले यह पशुओं को सुंघाया जाता है, फिर उसे आगे खींचा जाता है और पशु उसके पीछे दौड़ पड़ते हैं. रस्सी थामे ग्वाल आगे-आगे दौड़ते हैं और पशुओं की फुर्ती व जोश देखने लायक होता है. इस दौरान बुजुर्गों ने गोट गायन भी किया.
परंपरा के पीछे छिपा है पशुओं की रक्षा का भाव
बुजुर्गों के अनुसार इस परंपरा के पीछे पशुओं की रक्षा का भाव है. जंगल में चरने जाते समय गाय-भैंसों के साथ उनके बछड़े और पाड़ा-पाड़ी भी होते हैं. चमड़े को सूंघकर पशु उसे अपना बच्चा समझते हैं, जिससे उनमें अपने बच्चों की रक्षा का भाव जागता है और वे आत्मनिर्भर बनते हैं. मान्यता है कि इससे पशु तंदुरुस्त रहते हैं और खूब फलते-फूलते हैं. यह खेल रोमांचक होने के साथ जोखिम भरा भी है. कई बार ग्वाल बने युवा चोटिल हो जाते हैं और पशु उन पर चढ़ भी जाते हैं. इसके बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आती और परंपरा हर साल उसी जोश से निभाई जाती है.
कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ में निभाई जाती है यह परंपरा
राजकीय महाविद्यालय पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रवि गुर्जर ने बताया कि कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के हर गांव में यह परंपरा होती है. खास बात यह है कि कोटा सहित अन्य शहरों में बस चुके लोग भी पड़वा के दिन अपने गांव लौटते हैं और परंपरा का हिस्सा बनते हैं. जिनके यहां गाय-भैंस हैं, वे सभी इसमें शामिल होते हैं. हम शहर में रहते हैं, लेकिन आज के दिन सब गांव आकर यह परंपरा निभाते हैं. यह बरसों से चली आ रही है और चलती रहेगी. नई पीढ़ी के युवाओं को भी इसके बारे में बताना जरूरी है.