Last Updated:
Burhanpur Tibetan Market: बुरहानपुर में सर्दी शुरू होते ही गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है. बाजार में तिब्बत से आए गर्म कपड़ों की सबसे ज्यादा डिमांड है और लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं.
Burhanpur Tibetan Market: सर्दी का मौसम शुरू होते ही शहर में गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है. ठंड से बचाव के लिए लोग अब गर्म कपड़ों की खरीदी करने बाजार पहुंचने लगे हैं. शहर में लगे गर्म कपड़ों के बाजार में इन दिनों तिब्बत के कपड़ों की सबसे अधिक मांग देखने को मिल रही है. आकर्षक डिजाइन, फैन्सी लुक और अलग-अलग वैरायटी के कारण ये कपड़े ग्राहकों को खूब पसंद आ रहे हैं.
दुकान संचालकों ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को दुकान संचालक ऋतिक ने जानकारी देते हुए बताया कि बाजार में दो दर्जन से अधिक दुकानें लगाई गई हैं. जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए गर्म कपड़ों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं. दुकानों पर स्वेटर, जैकेट, गर्म शॉल, टोपी, मफलर, कार्डिगन सहित ठंड से बचाव के लिए कई तरह के कपड़े बिक्री के लिए रखे गए हैं. खास बात यह है कि यहां हर उम्र के लोगों की पसंद और जरूरत के हिसाब से कपड़े उपलब्ध हैं.
100 रूपये से 3 हजार रुपए तक है सामान
गर्म कपड़ों की दुकानों पर 100 रुपये से लेकर 3 हजार रुपये तक के कपड़े मिल रहे हैं. कम कीमत से लेकर अच्छी क्वालिटी और आकर्षक डिजाइन वाले कपड़ों की उपलब्धता के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है. लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार गर्म कपड़ों की खरीदी कर रहे हैं. इस बाजार की खास बात यह है कि यहां केवल बुरहानपुर जिले के ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों से भी लोग खरीदी करने पहुंच रहे हैं. तिब्बत से आने वाले गर्म कपड़ों की वैरायटी ग्राहकों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है. दुकानदारों के यहां सुबह से शाम तक ग्राहकों की आवाजाही देखने को मिल रही है. सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों की मांग में भी तेजी आने की उम्मीद है. ऐसे में आने वाले दिनों में बाजार में और अधिक रौनक देखने को मिल सकती है. फिलहाल शहर का गर्म कपड़ों का बाजार लोगों की खरीदी से गुलजार होने लगा है.