दाल-भात और चोखा के लिए तरसता था दिल, 5 साल बाद सऊदी अरब से लौटे जमुई के संदीप बोले- नहीं भूला बिहार की मिट्टी

दाल-भात और चोखा के लिए तरसता था दिल, 5 साल बाद सऊदी अरब से लौटे जमुई के संदीप बोले- नहीं भूला बिहार की मिट्टी


Last Updated:

Jamui Sandeep story: सऊदी अरब के रियाद में 5 साल बिताकर जमुई लौटे संदीप ने कहा कि विदेश में सुविधाएं तो मिलती हैं, लेकिन अपने गांव, परिवार, दोस्तों और बिहार के खान-पान की याद हमेशा सताती थी. वह हर दिन अपने परिवार और दोस्तों को याद करते थे.

ख़बरें फटाफट

जमुई: रोजी-रोटी और बेहतर भविष्य की तलाश में इंसान अपना घर-परिवार छोड़कर सात समंदर पार चला तो जाता है, लेकिन दिल में अपना गांव, मिट्टी और अपनों की याद हमेशा बसी रहती है. विदेश में सुविधाएं और कमाई के अवसर भले ही मिल जाएं, लेकिन अपने घर का खाना, दोस्तों के साथ बैठकर गपशप करना और त्योहारों की खुशियां कहीं और नहीं मिलतीं हैं. कुछ ऐसी ही भावनाएं जमुई जिले के रहने वाले संदीप ने साझा की हैं, जो सऊदी अरब की राजधानी रियाद में 5 साल बिताने के बाद अपने गांव लौटे हैं. उन्होंने बताया कि विदेश में रहते हुए उन्हें सबसे ज्यादा अपने परिवार, गांव, दोस्तों और बिहार के खान-पान की याद सताती थी. संदीप ने बताया कि सऊदी अरब जाने से पहले वह गुजरात के सूरत में काम करते थे. इसके बाद रोजगार के सिलसिले में रियाद चले गए.

विदेश में सताती है अपने लोगों की याद

संदीप ने बताया कि विदेश में परिवार की बहुत याद आती थी. गांव, दोस्त और बचपन से जुड़ी तमाम चीजें याद आती थीं. खासकर त्योहारों के समय मन ज्यादा भावुक हो जाता था. संदीप ने बताया कि विदेश में रहते हुए छठ, दीपावली और होली जैसे त्योहारों की रौनक और अपनों के साथ खुशियां बांटने का अवसर बहुत याद आता था. संदीप ने बताया कि सऊदी अरब का रहन-सहन और वहां का कल्चर अच्छा है, लेकिन बिहार के घरेलू खाने की बात ही अलग है. वहां का खाना और यहां के भोजन में काफी अंतर है. उन्होंने कहा कि कई महीनों तक वहां मटन और चिकन भी बहुत कम खाया. बिहार का दाल-भात और चोखा उनका सबसे पसंदीदा भोजन है, जिसे वह विदेश में रहते हुए सबसे ज्यादा मिस करते थे.

शाम में दोस्तों के साथ गपशप करता था मिस

संदीप ने बताया कि शाम के समय गांव की याद आती थी. बिहार में शाम को घर से बाहर निकलने पर परिचितों और दोस्तों से मुलाकात हो जाती है. लोग एक जगह बैठकर चर्चा करते हैं. इस तरह का आपसी जुड़ाव विदेश में कम देखने को मिलता है. संदीप ने बताया कि वहां अधिकतर लोग अपनी ड्यूटी और निजी कामों में व्यस्त रहते हैं. काम खत्म होने के बाद लोग अपने कमरे में चले जाते हैं. उन्होंने कहा कि भारत और बिहार की सबसे बड़ी खूबी यहां के लोगों का अपनापन, प्यार और आपसी भावना है, जिसे विदेश में रहते हुए बहुत महसूस किया.



Source link