गांव में लड़कियों की पढ़ाई पर थी पाबंदी, मनीषा ने नहीं मानी हार, आठ बार इंटरव्यू देकर बनीं अधिकारी

गांव में लड़कियों की पढ़ाई पर थी पाबंदी, मनीषा ने नहीं मानी हार, आठ बार इंटरव्यू देकर बनीं अधिकारी


ग्रेटर नोएडा: गांव में लड़कियों को दसवीं के बाद पढ़ने का मौका नहीं मिलता था. परिवार और समाज की सोच भी यही थी कि लड़की पढ़-लिख जाए तो किसी अच्छे घर में उसकी शादी हो सके. ऐसे माहौल में पली-बढ़ीं मनीषा अत्री ने न केवल अपनी पढ़ाई जारी रखी, बल्कि प्रशासनिक सेवा में पहुंचकर अपनी अलग पहचान बनाई. आज वह गौतमबुद्ध नगर में जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं. किसान परिवार से निकलकर अधिकारी बनने तक का उनका सफर कई चुनौतियों, असफलताओं, मेहनत और आत्मविश्वास की कहानी है.

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने अपनी जिंदगी के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका गांव बुलंदशहर का पंचवली है. वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं. परिवार की परिस्थितियां सामान्य किसान परिवार जैसी थीं. गांव में 12वीं तक का स्कूल था, लेकिन वहां लड़कियों को केवल दसवीं तक ही पढ़ने की अनुमति थी. स्कूल प्रबंधन का मानना था कि इसके बाद लड़कियों के आने से माहौल खराब हो सकता है. हालांकि, उनके माता-पिता चाहते थे कि बेटी पढ़ाई करे. इसी वजह से उन्होंने परिस्थितियों के बावजूद अपनी शिक्षा जारी रखी.

परीक्षा के समय खुद से करती थी तैयारी 

उन्होंने बताया कि 11वीं और 12वीं की पढ़ाई नियमित रूप से नहीं की. परीक्षा के समय खुद से तैयारी करती थी और मन में यही रहता था कि किसी भी हालत में फेल नहीं होना है. सेल्फ स्टडी के दम पर उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा सेकंड डिवीजन से पास की. इसके बाद डीएवी डिग्री कॉलेज, बुलंदशहर से प्राइवेट माध्यम से ग्रेजुएशन पूरा किया. परिवार की इच्छा थी कि शादी होने तक वह बीएड कर लें. उन्होंने आईपी डिग्री कॉलेज से बीएड में प्रवेश लिया. यह उनकी जिंदगी का अहम मोड़ साबित हुआ.

पहली बार बीएड कॉलेज में नियमित रूप से पढ़ाई करने का मिला मौका

उन्होंने बताया कि बीएड कॉलेज में पहली बार नियमित रूप से पढ़ाई करने और दूसरे विद्यार्थियों के बीच रहने का मौका मिला. कॉलेज में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य थी. उनके बैच में करीब 100 विद्यार्थी थे. पढ़ाई में कई विद्यार्थी उनसे बेहतर थे. यह देखकर उन्होंने अपनी मेहनत बढ़ाई और 80 प्रतिशत अंकों के साथ बीएड पूरा किया. इसके बाद परिवार ने उन्हें आगे पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और वह एमएड की पढ़ाई के लिए कानपुर जाने की तैयारी करने लगी.

परीक्षा में सफल हुई एक लड़की की तस्वीर देखकर बदला मन

इसी दौरान प्रतियोगिता एक मैगजीन में यूपीएससी की परीक्षा में सफल हुई एक लड़की की तस्वीर ने उनके मन में अधिकारी बनने का सपना जगा दिया. बताया कि तस्वीर देखकर उन्होंने सोचा कि जब वह लड़की यह कर सकती है तो वह भी कोशिश कर सकती है. उस समय उन्हें यूपीएससी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. बाद में ट्रेन में एक व्यक्ति से बातचीत के दौरान उन्हें इस परीक्षा के बारे में मार्गदर्शन मिला. इसके बाद उन्होंने परिवार से अपनी इच्छा साझा की और तैयारी के लिए दिल्ली जाने का फैसला किया.

एक साल का मांगा था समय 

बताया कि उन्होंने परिवार से केवल एक साल का समय मांगा था. उस समय उनकी शादी के लिए एक रिश्ता लगभग तय हो चुका था, लेकिन उन्होंने परिवार से आग्रह किया कि उन्हें तैयारी का मौका दिया जाए. परिवार ने उनकी बात मानी और वह दिल्ली आ गईं. वर्ष 2008 में उन्होंने यूपीएससी का पहला प्रयास किया. इस दौरान उन्होंने प्रीलिम्स और मेंस परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में महज डेढ़ अंक से चयन से चूक गईं. इसके बाद उन्होंने दो और प्रयास किए, लेकिन यूपीएससी में सफलता नहीं मिली.

शादी के बाद भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी रखी जारी 

शादी के बाद भी उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी. उनके पति भारतीय नौसेना में कार्यरत हैं. मनीषा ने राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें पतंजलि कोचिंग में धर्मेंद्र सिंह सर का मार्गदर्शन मिला. शुरुआत में सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका एडमिशन नहीं हो पा रहा था. उन्होंने अपनी परिस्थितियां बताकर तीन दिन का मौका मांगा. उनकी मेहनत देखकर उन्हें प्रवेश दिया गया. उनके सर ने उनके चयन तक मानसिक और आर्थिक रूप से सहयोग किया. मनीषा के अनुसार, राज्य स्तरीय परीक्षाओं में वह लगातार प्रयास करती रहीं और आठ बार इंटरव्यू तक पहुंची.

पहली पोस्टिंग गाजियाबाद में हुई

पीसीएस-2015 बैच के तहत उनका चयन जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर हुआ. इससे पहले उन्होंने करीब पांच साल तक चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में भी काम किया. वर्ष 2016 में उनकी पहली पोस्टिंग गाजियाबाद में हुई. वर्ष 2022 में उनका तबादला मेरठ और 2024 में गौतमबुद्ध नगर में हुआ. वर्तमान में वह जिले में युवाओं के रोजगार और सेवायोजन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही है.

पढ़ाई की मजबूत नींव करे तैयार

युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं. जरूरी है कि व्यक्ति अपनी परिस्थितियों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करे. उन्होंने कहा कि युवाओं को स्कूल और कॉलेज के समय से ही पढ़ाई की मजबूत नींव तैयार करनी चाहिए. बाद में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान शुरुआती पढ़ाई की कमियों को पूरा करने में काफी समय लग जाता है. सही मार्गदर्शन, मेहनत और निरंतर प्रयास से अपने लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है.



Source link