Samastipur Rail Division Train Schedule Update: यात्रीगण कृपया ध्यान दें.. अगर आप भी नए साल 2027 में ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं और टिकट बुक करने की तैयारी में हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. रेलवे ने छह जोड़ी महत्वपूर्ण ट्रेनों के नंबर बदलने का फैसला लिया है. जनवरी 2027 से ये ट्रेनें पुराने नंबर की जगह नए नंबर से परिचालित होंगी. ऐसे में अगर आप पुराने नंबर के आधार पर टिकट बुक करने की कोशिश करेंगे, तो आपको परेशानी हो सकती है.इसलिए टिकट बनाने से पहले रेलवे के इस नए अपडेट को जरूर जान लें.
जनवरी 2027 से लागू होगा नया नंबर
समस्तीपुर रेल मंडल द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, परिचालनिक सुगमता के मद्देनजर कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के नंबर में बदलाव किया जा रहा है. इस सूची में गरीब रथ एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, कर्मभूमि एक्सप्रेस, अंत्योदय एक्सप्रेस और टाटा-कटिहार एक्सप्रेस शामिल हैं. इन ट्रेनों के दोनों दिशाओं में चलने वाले नंबर बदले जाएंगे. हालांकि, अलग-अलग ट्रेनों के लिए नंबर परिवर्तन की तारीख भी अलग निर्धारित की गई है.
मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस
इस ट्रेन के दोनों दिशाओं के नंबर बदलेंगे. वर्तमान में ट्रेन संख्या 12212 से चलने वाली आनंद विहार-मुजफ्फरपुर गरीब रथ एक्सप्रेस 6 जनवरी 2027 से नए नंबर 14032 से परिचालित होगी. वहीं, ट्रेन संख्या 12211 से चलने वाली मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस 8 जनवरी 2027 से नए नंबर 14031 से चलेगी.
मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस
दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी जरूरी अपडेट है. ट्रेन संख्या 12557 से चलने वाली मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस 1 जनवरी 2027 से नए नंबर 15577 से चलेगी. इसी तरह, ट्रेन संख्या 12558 से चलने वाली आनंद विहार-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति एक्सप्रेस भी 1 जनवरी 2027 से नए नंबर 15578 से परिचालित होगी.
रक्सौल-लोकमान्य तिलक कर्मभूमि एक्सप्रेस
कर्मभूमि एक्सप्रेस के नंबर में भी बदलाव किया गया है. वर्तमान में ट्रेन संख्या 12546 से चलने वाली लोकमान्य तिलक-रक्सौल कर्मभूमि एक्सप्रेस 2 जनवरी 2027 से नए नंबर 15546 से चलेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 12545 से चलने वाली रक्सौल-लोकमान्य तिलक कर्मभूमि एक्सप्रेस 7 जनवरी 2027 से नए नंबर 15545 से परिचालित होगी.
सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस
इस ट्रेन के नंबर भी जनवरी से बदल जाएंगे. ट्रेन संख्या 12204 से चलने वाली अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस 6 जनवरी 2027 से नए नंबर 14694 से परिचालित होगी. जबकि ट्रेन संख्या 12203 से चलने वाली सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस 7 जनवरी 2027 से नए नंबर 14693 से चलेगी.
दरभंगा-जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस
दरभंगा और जालंधर के बीच चलने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस का नंबर भी बदलेगा. ट्रेन संख्या 22551 से चलने वाली दरभंगा-जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस 2 जनवरी 2027 से नए नंबर 15541 से परिचालित होगी. वहीं, ट्रेन संख्या 22552 से चलने वाली जालंधर सिटी-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस 3 जनवरी 2027 से नए नंबर 15542 से चलेगी.
टाटा-कटिहार एक्सप्रेस
टाटा-कटिहार एक्सप्रेस भी इस बदलाव में शामिल है. वर्तमान में ट्रेन संख्या 28182 से चलने वाली कटिहार-टाटा एक्सप्रेस 1 जनवरी 2027 से नए नंबर 18188 से परिचालित होगी. इसी तरह, ट्रेन संख्या 28181 से चलने वाली टाटा-कटिहार एक्सप्रेस 2 जनवरी 2027 से नए नंबर 18187 से चलेगी.
टिकट बुक करने से पहले जरूर करें जांच
रेलवे के इस फैसले के बाद यात्रियों को टिकट बुक करते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी. जनवरी 2027 में इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्री अपनी यात्रा की तारीख के अनुसार नए नंबर की जानकारी जरूर जांच लें. इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रहे, यहां केवल ट्रेनों के नंबर बदले जा रहे हैं, ट्रेन के बंद होने या रूट बदलने की सूचना नहीं है.इसलिए सफर पर निकलने से पहले नए नंबर की जानकारी रखना जरूरी है.