क्‍या वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन के लिए बुक होती है तत्‍काल टिकट, क्‍या वेटिंग और RAC वाले कर सकते हैं सफर

क्‍या वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन के लिए बुक होती है तत्‍काल टिकट, क्‍या वेटिंग और RAC वाले कर सकते हैं सफर


Last Updated:

Vande Bharat Sleeper Ticket Rules : देश में इस समय तीन वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेनें चल रही हैं. इन सेमी हाई स्‍पीड ट्रेनों में रेलवे ने यात्रियों को कई विश्‍व स्‍तरीय सुविधाएं उपलब्‍ध कराई हैं. वंदे भारत स्‍लीपर के टिकट बुकिंग और कैंसिलेशन के नियम अन्‍य ट्रेनों से अलग है.

Zoom

देश में कुल 3 वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाई जा रही हैं.

नई दिल्‍ली. वंदे भारत एक्‍सप्रेस ट्रेनों को मिली यात्रियों की जोरदार प्रतिक्रिया के बाद भारतीय रेलवे ने अब वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन भी शुरू कर दी है. फिलहाल देश में 3 जोड़ी वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें दौड़ रही हैं. ये हावड़ा-कामाख्या-हावड़ा, वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी और एसएमवीटी बेंगलुरु-सीएसएमटी मुंबई-एसएमवीटी बेंगलुरु रूट पर चल रही है. वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेनों में टिकट बुकिंग के नियम अन्‍य ट्रेनों से अलग हैं. आपको यह जानकार हैरानी होगी कि इमरजेंसी में इस ट्रेन के लिए तत्काल टिकट आप बुक नहीं कर सकते.

रेलवे बोर्ड के नए दिशानिर्देशों के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में न तो तत्काल कोटा लागू होगा और न ही वेटिंग या आरएसी (RAC) वाले यात्रियों को सफर की इजाजत होगी. यानी अगर आप यात्रा से एक दिन पहले तत्काल कोटे के जरिए सीट हासिल करने की सोच रहे हैं, तो ऐसा संभव नहीं होगा. यात्रियों को केवल एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के तहत सामान्य बुकिंग विंडो से ही टिकट बुक कराना होगा.

वंदे भारत स्‍लीपर में क्‍यों नहीं मिलता तत्‍काल कोटा

इंडियन एक्‍सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. शिवम शर्मा का कहना है कि तत्काल कोटा न रखने का फैसला इसलिए लिया गया है ताकि सभी बर्थ सामान्य कोटे में उपलब्ध रहें और अधिक से अधिक यात्री पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाकर कन्फर्म सीट पा सकें.

क्या वंदे भारत स्‍लीपर में वेटिंग और RAC टिकट वाले कर सकते हैं सफर?

अगर आपके पास वंदे भारत स्लीपर का वेटिंग या आरएसी टिकट है, तो यह नियम जान लेना बेहद जरूरी है. रेलवे बोर्ड के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस ट्रेन में केवल और केवल पूरी तरह कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति होगी. इस ट्रेन में आरएसी का कोई प्रावधान नहीं है और ऐसे टिकट पर बोर्डिंग नहीं मिलेगी. वेटिंग टिकट धारकों को ट्रेन में चढ़ने नहीं दिया जाएगा. यदि किसी पीएनआर पर कुछ सीटें कन्फर्म और कुछ वेटिंग हैं, तो भी वेटिंग वाले यात्री को सफर की इजाजत नहीं होगी.

823 यात्री कर सकते हैं वंदे भारत स्‍लीपर में सफर

चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में बनी वंदे भारत स्‍लीपर ट्रेन 180 किलोमीटर प्रतिघंटा स्‍पीड के लिए डिजाइन की गई है. इस 16 कोच वाली ट्रेन में कुल 823 यात्री सफर कर सकते हैं. इसमें 11 एसी थ्री-टियर, 4 एसी सेकंड-टियर और 1 फर्स्ट एसी कोच लगे हुए हैं.

वंदे भारत स्‍लीपर टिकट कैंसिलेशन नियम

अगर कन्फर्म टिकट मिलने के बाद अचानक यात्रा रद्द करनी पड़ती है, तो रेलवे ने इसके लिए सख्त रिफंड नियम बनाए हैं. ट्रेन छूटने के समय से 72 घंटे से ज्यादा पहले टिकट कैंसिल कराने पर किराये का 25% कैंसिलेशन चार्ज कटेगा. ट्रेन रवाना होने से 72 घंटे से 8 घंटे पहले तक कैंसिल करने पर 50% किराया कटेगा. ट्रेन रवाना होने के निर्धारित समय से 8 घंटे से कम का वक्त बचा हो और टिकट कैंसिल किया जाए तो यात्री को कोई रिफंड नहीं मिलेगा.



Source link