Last Updated:
AFG vs ZIM Test Draw: अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच शारजाह में खेला गया पहला टेस्ट मैच सपाट पिच और गेंदबाजों के लिए मददगार नहीं होने के कारण नीरस ड्रॉ पर समाप्त हुआ. मुकाबले में कुल 1500 से अधिक रन बने, जिसमें 6 शतक और क्रेग एर्विन का शानदार दोहरा शतक शामिल रहा. जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 504 और दूसरी पारी में 5 विकेट पर 523 रन बनाए. जवाब में अफगानिस्तान ने 514 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. श्रृंखला का दूसरा व अंतिम टेस्ट शुक्रवार से खेला जाएगा.
अफगानिस्तान बनाम जिम्बाब्वे टेस्ट मैच में रनों की बारिश.
शारजाह. अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच पहले टेस्ट मैच में दोनों टीमों ने मिलाकर 1500 से अधिक रन बनाए. रनों के बरसात वाले मुकाबले में कोई रिजल्ट नहीं निकल सका और मुकाबला नीरस ड्रॉ के साथ समाप्त हुआ. इस मैच में छह शतक और एक दोहरा शतक भी लगा, लेकिन सपाट और गेंदबाजों के लिए बेअसर पिच पर जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी घोषित नहीं करने का फैसला किया, जिससे मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकल सका.
जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज क्रेग एर्विन और हरफनमौला वेस्ली मधेवेरे ने दूसरी पारी में नाबाद 206 रन की साझेदारी की. इस दौरान दोनों खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत उपलब्धियां भी हासिल कीं. 41 वर्षीय एर्विन ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। वह 206 रन बनाकर नाबाद रहे. ऑफ स्पिनर मधेवेरे ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ा और 100 रन बनाकर नाबाद लौटे. जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 523 रन बनाए.
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ब्रेंडन टेलर ने 82 रन का योगदान दिया. उन्होंने पहली पारी में भी 131 रन बनाए थे. कप्तान ब्रायन बेनेट ने 128 रन की पारी खेली थी. इन दोनों के शतकों की मदद से जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 504 रन बनाए.
इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी 514 रन बनाए. उसकी ओर से सलामी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल (105), तीसरे नंबर के बल्लेबाज रहमानुल्लाह (113) और चौथे नंबर पर उतरे कप्तान रहमत शाह (173) ने शतक जड़े. रहमत शाह और जिया-उर-रहमान ने आठवें विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की जो अफगानिस्तान की ओर से इस विकेट के लिए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड है. भीषण गर्मी में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
दोनों टीमों के बीच शृंखला का दूसरा और अंतिम टेस्ट शुक्रवार से शारजाह में खेला जाएगा.