आईने में खुद को देख रहा था, विराट से बात कर विलियमसन ने लिया संन्यास का फैसला
Last Updated:
Kane Williamson on Virat Kohli: न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने खुलासा किया है कि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के अपने फैसले से पहले उन्होंने भारतीय स्टार विराट कोहली से लंबी चर्चा की थी. ‘बिटवीन द टू बियर्स’ पॉडकास्ट में विलियमसन ने बताया कि कोहली के साथ हुई इस बातचीत ने उन्हें संन्यास का सही निर्णय लेने में मदद की. दोनों खिलाड़ियों ने एक जैसा लंबा सफर तय किया है और कई जीवन पड़ाव एक साथ देखे हैं. विलियमसन ने स्पष्ट किया कि 10,000 टेस्ट रन बनाना उनका लक्ष्य नहीं था, क्योंकि वे रिकॉर्ड या दर्शकों के लिए नहीं, बल्कि खेल के प्रति सच्चे जुनून के लिए खेलते हैं.
केन विलियम्सन ने बताया कैसे कोहली ने संन्यास लेने में उनकी मदद की.
ऑकलैंड. केन विलियमसन ने बताया कि दोस्त विराट कोहली के साथ हुई बातचीत ने उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला करने में मदद की. विलियमसन ने इस साल की शुरुआत में अपने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया था. वह टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने से दूर रह गए. दिलचस्प बात यह है कि विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट से विदाई लेते समय इस आंकड़े को नहीं छुआ था.
विराट कोहली (Virat Kohli) और केन विलियम्सन (Kane Williamson) लंबे समय से अच्छे दोस्त हैं. संन्यास की घोषणा से पहले न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने कई भरोसेमंद लोगों से सलाह ली थी जिनमें कोहली भी शामिल थे. विलियमसन ने ‘बिटवीन द टू बियर्स’ पॉडकास्ट में कहा, ‘मैंने कई ऐसे लोगों से बात की जिन पर मुझे भरोसा है और जिनके साथ मेरा काफी करीबी रिश्ता रहा है. इसके बाद संन्यास की घोषणा से एक दिन पह. हमने खेल में इतने लंबे समय तक साथ बिताए अपने अनुभवों को साझा किया.’
कोहली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब सिर्फ एकदिवसीय प्रारूप में खेलते हैं. उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड दौरे से पहले संन्यास की घोषणा कर दी थी. विलियमसन और कोहली एक ही दौर के खिलाड़ी रहे हैं. दोनों ने लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साथ सफर तय किया है. ऐसे में कोहली के अनुभवों और सुझावों को विलियमसन ने अपने संन्यास के फैसले के लिहाज से बेहद अहम माना.
विलियमसन ने कहा, ‘वह अब भी थोड़ा क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन उन्होंने भी अपने करियर में कुछ बड़े फैसले लिए हैं. कई बार ऐसा होता है कि आपकी अपनी टीम के खिलाड़ी भी उसी स्थिति से नहीं गुजरे होते, जिसमें आप होते हैं. लेकिन हमारे मामले में काफी समानताएं थीं. हमने लगभग समान समय तक क्रिकेट खेला, कप्तानी की और लगभग एक ही समय में पिता बने.’
उन्होंने कहा, ‘ऐसा लगता है जैसे हम दोनों ने लगभग एक समान सफर तय किया है. हमारे बीच बेहद खास रिश्ता रहा है. भले ही हम अलग-अलग देशों और माहौल से आते हैं, लेकिन अपने अनुभवों और भावनाओं को एक-दूसरे के साथ खुलकर साझा करना काफी अच्छा रहा. हमने उन बातों पर भी चर्चा की, जिन्हें आमतौर पर साझा करना आसान नहीं होता. इस बातचीत ने हमें एक-दूसरे से और करीब से जुड़ने का मौका दिया. जब हमारी बातचीत खत्म हुई और मैंने फोन रखा, तभी मेरी पत्नी होटल के कमरे में आईं. मैंने उनसे कहा- अब समय आ गया है.’
विलियमसन ने टेस्ट में 9515 रन बनाये हैं जबकि कोहली के नाम इस प्रारूप में 9230 रन है. विलियमसन ने यह भी स्पष्ट किया कि टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करना उनके करियर का व्यक्तिगत लक्ष्य कभी नहीं रहा.
वनडे में 7256 और टी20 अंतरराष्ट्रीय 2575 रन बनाने वाले इस दिग्गज ने कहा, ‘आप क्रिकेट इन वजहों से नहीं खेलते. विराट ने बातचीत में एक बात कही थी कि कभी-कभी आप दर्शकों के लिए खेलने लगते हैं. आप कुछ हासिल करने या किसी चीज को पकड़े रहने के लिए खेलते रहते हैं, जबकि वह वजह आपके खेल के प्रति वास्तविक जुनून से जुड़ी नहीं होती.’