घर में टॉयलेट बनवाते समय न करें ये गलती, गलत सेप्टिक टैंक बन सकता है बड़ी परेशानी

घर में टॉयलेट बनवाते समय न करें ये गलती, गलत सेप्टिक टैंक बन सकता है बड़ी परेशानी


Last Updated:

Septic Tank Construction Tips: घर में शौचालय बनवाते समय लोग अक्सर सीट और टाइल्स की डिजाइन पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन गड्ढे या सेप्टिक टैंक के निर्माण को नजरअंदाज कर देते हैं. यही लापरवाही आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकती है. दरअसल, शौचालय के गड्ढे का आकार घर में रहने वाले सदस्यों की संख्या और पानी के इस्तेमाल के हिसाब से तय होना चाहिए.

सुल्‍तानपुर: घर में शौचालय बनवाते समय लोग अक्सर सीट और टाइल्स की डिजाइन पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन गड्ढे या सेप्टिक टैंक के निर्माण को नजरअंदाज कर देते हैं. यही, लापरवाही आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकती है. दरअसल, शौचालय के गड्ढे का आकार घर में रहने वाले सदस्यों की संख्या और पानी के इस्तेमाल के हिसाब से तय होना चाहिए. गड्ढा बनवाने से पहले जमीन की स्थिति, मिट्टी और भूजल स्तर की जानकारी जरूर लें. इसे पीने के पानी के स्रोत, हैंडपंप और बोरिंग से सुरक्षित दूरी पर बनवाना चाहिए. इसकी दूरी स्थानीय नियमों और मिट्टी की स्थिति के अनुसार तय कराएं.

एक्सपर्ट योगेश कुमार लोकल 18 से बताते हैं कि सेप्टिक टैंक बनवाते समय उसकी गहराई और चौड़ाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. टैंक का निर्माण तकनीकी मानकों के अनुसार होना चाहिए. इसमें कम से कम दो कक्ष बनाने की व्यवस्था बेहतर मानी जाती है. इससे ठोस और तरल अपशिष्ट को अलग-अलग तरीके से व्यवस्थित होने में मदद मिलती है. टैंक की दीवारें मजबूत और जलरोधी होनी चाहिए, ताकि गंदा पानी जमीन में रिसकर आसपास के जलस्रोतों को दूषित न करे. इसके निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

बदबू रोकने के लिए लगवाएं वेंट पाइप

शौचालय के गड्ढे या सेप्टिक टैंक से बदबू आने की सबसे बड़ी वजहों में खराब वेंटिलेशन भी शामिल है. इसलिए टैंक में उचित वेंट पाइप लगवाना बेहद जरूरी है. यह पाइप गैसों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने में मदद करता है. इसके ऊपरी हिस्से पर जाली लगाई जानी चाहिए, ताकि मच्छर और अन्य कीड़े अंदर प्रवेश न कर सकें. इसके अलावा शौचालय की पाइपलाइन में उचित ढलान होनी चाहिए, जिससे मल और पानी आसानी से टैंक तक पहुंच सके.

सफाई और पानी की निकासी का रखें इंतजाम

सेप्टिक टैंक बनवाते समय उसकी सफाई के लिए भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए. इसके लिए निरीक्षण कक्ष और सुरक्षित ढक्कन बनवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर टैंक की सफाई आसानी से हो सके. टैंक के आसपास बारिश का पानी जमा नहीं होना चाहिए. इसके लिए पानी की निकासी का उचित इंतजाम करें. टैंक की सफाई प्रशिक्षित कर्मचारियों से मशीनों के जरिए करानी चाहिए. कभी भी टैंक के अंदर खुद उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि इसमें जहरीली गैसों के कारण जानलेवा हादसा हो सकता है. समय-समय पर टैंक की जांच और सफाई कराने से बदबू, ओवरफ्लो और गंदगी जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है.



Source link