Last Updated:
UP Chunav 2027 NDA Seat Sharing News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके आवास पर मुलाकात की. इस शिष्टाचार भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनावी रणनीतियों पर लंबी चर्चा हुई.
यूपी चुनाव 2027 को लेकर दिल्ली में संजय निषाद और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन में मुलाकात.
UP Chunav 2027 NDA Seat Sharing News: यूपी चुनाव 2027 को लेकर एनडीए की राजनीति अभी से तेज होने लगी है. अब तक विपक्षी खेमे में सीटों और सामाजिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं सामने आ रही थीं, लेकिन अब निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद की बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात ने एनडीए के भीतर की राजनीति को भी चर्चा में ला दिया है. संजय निषाद की ओर से साझा किए गए संदेश में गठबंधन की मौजूदा स्थिति, आगामी चुनाव और भीतरघात करने वाले नेताओं पर कार्रवाई का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया है.
संजय निषाद ने एक्स पर मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने बीजेपी नेतृत्व के सामने उन नेताओं का मुद्दा भी उठाया, जिन पर निषाद पार्टी और बीजेपी के गठबंधन को कमजोर करने तथा गठबंधन के भीतर भीतरघात करने का आरोप है.
एनडीए में सीट शेयरिंग या फिर कुछ और?
संजय निषाद के मुताबिक, ‘नितिन नवीन ने ऐसे नेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए.’ इस बयान को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि चुनाव से पहले एनडीए के घटक दलों के बीच तालमेल और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के समन्वय का सवाल लगातार उठता रहा है. यहां एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि संजय निषाद की शिकायत सिर्फ सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है. वह गठबंधन में अपनी पार्टी के सम्मान, कार्यकर्ताओं की भूमिका और निषाद समाज से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठा रहे हैं.
क्या बीजेपी में भी सीट शेयरिंग पर बातचीत शुरू हो गई है?
एनडीए के भीतर सीटों को लेकर बातचीत की प्रक्रिया पहले से चल रही है. जून 2026 में भी निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेताओं ने बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व के सामने समय रहते सीटों का फॉर्मूला तय करने की मांग रखी थी. उस दौरान संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर ने नितिन नवीन से मुलाकात कर सीटों के बंटवारे पर चर्चा शुरू करने की मांग की थी.
दिल्ली
मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष — निषाद पार्टी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद जी ने आज भारतीय जनता पार्टी के मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी से दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों एवं आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। श्री निषाद जी ने उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन को कमजोर करने वाले नेताओं तथा गठबंधन के भीतरघात करने वालों के विषय में भी अपनी बात रखी।
इस पर श्री नितिन नवीन जी ने भीतरघात करने वाले नेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए।