अमेरिका और ईरान के बीच फरवरी से जारी जंग अब बातचीत के रास्ते खत्म हो सकती है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अगर ईरान परमाणु कार्यक्रम और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर समझौते की दिशा में आगे बढ़ता है, तो अमेरिका नए बड़े सैन्य हमले नहीं करेगा. ट्रंप ने CNN से कहा कि ईरान पर दोबारा बड़े हमले की संभावना बहुत कम है. वहीं, CBS के कार्यक्रम ’60 Minutes’ में उन्होंने कहा कि वह युद्ध को और बढ़ाना नहीं चाहते. इस बीच कतर दोनों देशों के बीच बातचीत कराने में जुटा है. जल्द ही कतरी पीएम अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिलेंगे. हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने साफ किया है कि अभी किसी बड़ी कामयाबी के करीब पहुंचने की बात नहीं कही जा सकती.
मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप पर बढ़ा दबाव
अमेरिका में पिछले सप्ताह हुए मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान हुआ. इसके बाद युद्ध को लेकर ट्रंप प्रशासन पर घरेलू दबाव बढ़ गया है. उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी माना कि ईरान युद्ध रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजहों में शामिल था. ट्रंप ने भी स्वीकार किया कि अमेरिकी मतदाताओं को युद्ध पसंद नहीं आया. हालांकि, उन्होंने ईरान पर हमले के अपने फैसले का बचाव किया और कहा कि अगर उन्हें दोबारा फैसला लेना पड़े तो वह फिर हमला करने के पक्ष में होंगे. दूसरी तरफ, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिकी मतदाताओं ने अपना फैसला सुना दिया है, अब व्हाइट हाउस को भी अपना रुख तय करना चाहिए.
कतर के जरिए समझौते की कोशिश
कतर इस बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी सोमवार को वॉशिंगटन में ट्रंप और जेडी वेंस से मुलाकात करने वाले हैं. इससे पहले वह तेहरान का दौरा कर चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कतर एक प्रस्ताव का ड्राफ्ट दोनों देशों के बीच साझा कर रहा है. अमेरिका और ईरान इसमें बदलाव सुझा रहे हैं. माना जा रहा है कि बातचीत का मकसद पहले युद्ध और समुद्री नाकेबंदी को रोकना है, जिसके बाद परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. ईरान चाहता है कि अमेरिका उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी खत्म करे, कुछ आर्थिक प्रतिबंध हटाए और बमबारी रोके. इसके बदले वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अपनी नाकेबंदी रोकने को तैयार हो सकता है. लेकिन अमेरिका ने ईरान के इस प्लान को स्वीकार नहीं किया है.
न्यूक्लियर प्रोग्राम और होर्मुज पर फंसी बात
अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर कड़ी शर्तें माने. ट्रंप प्रशासन की मांग है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की क्षमता हासिल न करे. वहीं, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को देश की संप्रभुता से जुड़ा मामला बताता है और कहता है कि इसका मकसद ऊर्जा उत्पादन है. ईरान के पास सैकड़ों किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम मौजूद होने की बात कही जा रही है. यह परमाणु हथियार बनाने में इस्तेमाल हो सकने वाला पदार्थ है. अमेरिका चाहता है कि ईरान इसे कम संवर्धित करे या किसी दूसरे देश में सुरक्षित रखे. इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कितनी सहमति बनी है, यह अभी साफ नहीं है.
ईरान की एक और बड़ी मांग है कि अमेरिका उसके आर्थिक प्रतिबंध हटाए और विदेशी बैंकों में फंसी उसकी रकम जारी करे. प्रतिबंधों के कारण ईरान को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपना तेल बेचने में परेशानी हो रही है. देश में महंगाई भी गंभीर समस्या बनी हुई है.
ट्रंप के सामने युद्ध खत्म करने के चार रास्ते
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन के सामने इस संकट से निपटने के चार विकल्प हैं.
- बड़ा सैन्य हमला: ईरान के ऊर्जा ठिकानों, परमाणु केंद्रों और मिसाइल-ड्रोन ठिकानों पर कई दिनों तक हमले करना. इससे ईरान की जवाबी कार्रवाई और वैश्विक तेल कीमतें बढ़ने का खतरा है.
- सीमित सैन्य कार्रवाई: ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाना, लेकिन पावर प्लांट्स को छोड़ना. इससे तनाव कुछ हद तक सीमित रह सकता है.
- सीधी बातचीत: ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करना और उसके बदले प्रतिबंधों में राहत देना. लेकिन दोनों देशों की शर्तें अलग-अलग हैं.
- समुद्री नाकेबंदी जारी रखना: ईरान के तेल निर्यात पर रोक बनाए रखते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए सीमित समझौता करना.
ईरान ने 11 टैंकरों को निशाना बनाने का दावा किया
बातचीत की कोशिशों के बावजूद सैन्य कार्रवाई पूरी तरह बंद नहीं हुई है. ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अमेरिका ने रविवार रात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास क़ेश्म द्वीप पर हमला किया. ईरान के एक अधिकारी ने दावा किया कि इन हमलों में रडार सिस्टम और मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया गया. हालांकि, अमेरिका ने इन खबरों पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है. ईरानी नौसेना का दावा है कि पिछले 10 दिनों में उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे 11 तेल टैंकरों को निष्क्रिय किया है. ईरान की मीडिया के मुताबिक, इन जहाजों और उनके नेविगेशन सिस्टम को निशाना बनाया गया. अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के अनुसार, 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से कम से कम 25 नाविकों की मौत हो चुकी है.
ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास ईरान के 38 पुलों को एक घंटे में तबाह करने की क्षमता है. उन्होंने बिजली संयंत्रों और दूसरे बुनियादी ढांचे को भी संभावित निशाने के तौर पर बताया, लेकिन कहा कि वह ऐसा करना नहीं चाहते. उनका कहना है कि ईरान के साथ मजबूत समझौता नहीं हुआ तो सैन्य विकल्प खुला रहेगा.
तुर्की भी नहीं चाहता जंग दोबारा भड़के
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने ट्रंप से बातचीत में ईरान पर नए हमले न करने की अपील की है. तुर्की की खुफिया एजेंसी के प्रमुख इब्राहिम कालिन ने भी कहा कि बातचीत बढ़ रही है और दोनों पक्षों के लिए उचित समझौते की संभावना मौजूद है. वहीं, संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारी अनवर गरगाश ने चेतावनी दी है कि व्यापक राजनीतिक समझौता आसान नहीं होगा. उनके मुताबिक, क्षेत्र को लंबे समय तक अनिश्चितता का सामना करना पड़ सकता है.