सुरंग-पुल बनाने वाले सीवी जैकब कैसे बने मसाला किंग, काली मिर्च के ‘जादुई तेल’ से खड़ी की ₹3,000 करोड़ की कंपनी

सुरंग-पुल बनाने वाले सीवी जैकब कैसे बने मसाला किंग, काली मिर्च के ‘जादुई तेल’ से खड़ी की ₹3,000 करोड़ की कंपनी


Last Updated:

Success Story : सीवी जैकब का व्यावसायिक सफर किसी एक ढर्रे पर नहीं चला. साल 1950 में उन्होंने इलायची के छोटे-मोटे व्यापार और नीलामी का काम शुरू किया. लेकिन अगले ही साल वे परिवार के सिविल इंजीनियरिंग कॉन्ट्रैक्टिंग बिजनेस में कूद पड़े. फिर रेजिन का काम शुरू किया. 1972 में वे मसालों के कारोबार में आए.

Zoom

1972 में जैकब ने सिन्‍थाइट इंडस्‍ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की नींव रखी.

नई दिल्‍ली. दुनिया में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो कभी संतुष्‍ट नहीं होते. वे तरक्‍की के नए रास्‍तों की तलाश में हमेशा जुटे रहते हैं. राह मिलते ही वे जी-तोड़ मेहनत करने लगते हैं और अपनी मंजिल पा लेते हैं. ऐसे ही एक शख्‍स थे सीवी जैकब. दुनिया की सबसे बड़ी मसाला प्रोसेसिंग कंपनी सिन्‍थाइट इंडस्‍ट्रीज खड़ी करने वाले जैकब मसाला उद्योग में आने से पहले एक सफल कांट्रेक्‍टर थे. उन्‍होंने केरल में कई मशहूर पुल, बांध और सुरंग बनाई थी. लेकिन मसालों की दुनिया में उन्‍होंने उस ‘छुपी ताकत’ को देखा, जिस पर किसी का ध्‍यान नहीं था. जिस दौर में पूरा देश मसालों को सिर्फ बोरियों में भरकर कच्चा बेच रहा था, उस वक्त जैकब ने काली मिर्च से ऐसा ‘जादुई अर्क’ निकालने की सोची, जिसने इस इंडस्‍ट्री को हमेशा के लिए बदल दिया. साथ ही बदल गई जैकब की किस्‍मत भी. आज उनकी कंपनी का सालाना रेवेन्यू ₹3,000 करोड़ के पार पहुंच चुका है. सीवी जैकब का 2021 में 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.

सीवी जैकब का व्यावसायिक सफर किसी एक ढर्रे पर नहीं चला. साल 1950 में उन्होंने इलायची के छोटे-मोटे व्यापार और नीलामी का काम शुरू किया. लेकिन अगले ही साल वे परिवार के सिविल इंजीनियरिंग कॉन्ट्रैक्टिंग बिजनेस में कूद पड़े. साल 1954 में उन्होंने वेरकेसंस नाम से एक फर्म बनाई. इस फर्म को केरल की ऐतिहासिक सबरीगिरी और इडुक्की जलविद्युत परियोजनाओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई. 1959-60 में अनाइरंगल बांध की डायवर्जन टनल और 1964-66 में मूलमट्टम के भूमिगत बिजलीघर तक पहुंचने वाली सुरंग भी जैकब की कंपनी ने बनाई.

रेजिन कारोबार में आजमाया हाथ

1965 में जैकब ने रेजिन बनाने वाली कंपनी अरबोराइट्स और 1967 में पत्थरों की क्रशिंग के लिए स्‍लैब्‍स एंड अग्रेगेट्स शुरू की. निर्माण और मैन्युफैक्चरिंग के इसी जमीनी तजुर्बे ने उन्हें भविष्य में एक बड़ा इंडस्ट्रियलिस्ट बनने का आधार दिया.

काली मिर्च ने बदली किस्‍मत

1970 के दशक तक भारतीय मसाला बाजार सिर्फ कच्चे मसालों की खरीद-फरोख्त तक सीमित था. लेकिन जैकब ने नोटिस किया कि दुनिया भर की बड़ी फूड कंपनियों को कच्चे मसालों के बजाय ऐसे गाढ़े अर्क की जरूरत है, जिससे खाने का स्वाद और खुशबू हमेशा एक जैसी रहे. इसी विजन के साथ उन्‍होंने 1972 में जैकब ने सिन्‍थाइट इंडस्‍ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की नींव रखी. कंपनी ने सबसे पहले काली मिर्च से ओलियोरेजिन (Oleoresin) यानी उसका गाढ़ा एसेंशियल ऑयल निकालना शुरू किया. यह एक गाढ़ा प्राकृतिक अर्क होता है, जिसमें मसाले की पूरी ताकत और स्वाद समाया होता है. दुनिया भर की पैकेज्ड फूड और बेवरेज कंपनियों के लिए यह बहुत काम का प्रोडक्‍ट था. इसी वजह से जैकब की काली मिर्च का यह अर्क हाथों-हाथ बिकने लगा.

500 से अधिक प्रोडक्ट्स और 90 देशों में निर्यात

सिर्फ काली मिर्च तक सीमित न रहकर सिन्थाइट ने समय के साथ एसेंशियल ऑयल्स, नेचुरल फूड कलर्स, फ्लेवर्स और फंक्शनल फूड इंग्रीडिएंट्स का दायरा बढ़ाया. आज कंपनी के पोर्टफोलियो में 500 से ज्यादा वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स शामिल हैं. कंपनी ने Symega के जरिए कस्टमाइज्ड फूड सॉल्यूशंस सेक्‍टर में कदम रखा. 2006 में अत्याधुनिक फूड-टेक सेंटर स्थापित किए. आज 90 से अधिक देशों में कंपनी का माल एक्सपोर्ट होता है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कंपनी के 8 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स है जिनमें 3,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं.

आज ₹3,122 करोड़ के पार बिजनेस

Tracxn के डेटा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2021 में कंपनी का रेवेन्यू ₹1,887.8 करोड़ था, जो वित्त वर्ष 2023 में ₹2,653.9 करोड़ तक पहुंच गया. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का कुल रेवेन्यू रिकॉर्ड ₹3,122.6 करोड़ पर पहुंच गया. पिछले 5 वर्षों में कंपनी ने 13% CAGR हासिल की है. कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 54 फीसदी की जोरदार उछाल के साथ ₹194.2 करोड़ हो गया.



Source link