उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से सभी राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है. राज्य के बुंदेलखंड क्षेत्र और चित्रकूट धाम मंडल के अंतर्गत आने वाला हमीरपुर जिला राजनीतिक रूप से भले ही छोटा प्रतीत होता हो, लेकिन चुनावी लिहाज से इसका महत्व बहुत बड़ा है. यमुना और बेतवा नदियों के संगम पर बसे इस जिले में कुल 2 विधानसभा सीटें हैं, जिनके नाम हमीरपुर सदर और राठ (आरक्षित) हैं. पिछले यानी 18वीं विधानसभा चुनाव (2022) के परिणामों पर नजर डालें, तो इन दोनों ही महत्वपूर्ण सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया था और विपक्षी दलों को करारी मात दी थी.
हमीरपुर जिले की हमीरपुर सदर विधानसभा सीट (क्रमांक 228) एक सामान्य श्रेणी की सीट है. पिछले चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक इस निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 4,12,700 पंजीकृत मतदाता थे. इस सीट से वर्तमान समय में भाजपा के डॉ. मनोज कुमार प्रजापति विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. 2022 के चुनावी मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी डॉ. मनोज कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25,485 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी. उन्हें कुल 1,05,432 वोट मिले थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राम प्रकाश 79,947 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे.
राठ सीट पर मनीषा अनुरागी की लगातार दूसरी जीत
जिले की दूसरी महत्वपूर्ण विधानसभा सीट राठ है, जिसका क्रमांक 229 है. यह सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित है. राठ विधानसभा सीट से वर्तमान में मनीषा अनुरागी विधायक हैं, जो लगातार दूसरी बार इस सीट से जीत दर्ज कर सदन पहुंची हैं और पार्टी में उनका प्रभाव काफी मजबूत माना जाता है. पिछले चुनाव में इस सीट पर लगभग 3,99,594 पंजीकृत मतदाता थे. चुनाव परिणाम बेहद दिलचस्प रहे थे, जिसमें भाजपा प्रत्याशी मनीषा ने 61,979 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी. उन्हें कुल 1,39,373 वोट मिले थे, जबकि सपा प्रत्याशी चंद्रावती वर्मा 77,394 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही थीं. इसके अलावा बसपा प्रत्याशी प्रसन्ना भूषण 24,266 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर थीं.
भूगोल, प्रशासन और कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था
प्रशासनिक दृष्टिकोण से देखें तो हमीरपुर जिले में कुल 4 तहसीलें हैं हमीरपुर, मौदहा, राठ और सरीला. इसके साथ ही यहां 7 विकास खंड (गोहांड, कुरारा, मौदहा, मुस्करा, राठ, सरीला और सुमेरपुर) आते हैं. इस जिले की सीमाएं कई अन्य जिलों से मिलती हैं, जिनमें उत्तर में जालौन, कानपुर नगर व फतेहपुर, पूर्व में बांदा, दक्षिण में महोबा तथा पश्चिम में झांसी और जालौन जिले शामिल हैं. इसके अलावा यहां की बेतवा नदी के तट पर मिलने वाली ‘मोटी रेत’ पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी खास पहचान रखती है, जिसका विभिन्न हिस्सों में निर्यात किया जाता है. जिले की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है, जहाँ गेहूं, धान, सरसों, दलहन और सब्जियों की प्रमुख रूप से खेती होती है. बुंदेलखंड क्षेत्र का हिस्सा होने के कारण यहां की कृषि चुनौतिपूर्ण जरूर है, लेकिन यही स्थानीय मतदाताओं के लिए सबसे बड़े चुनावी मुद्दे भी तय करती है.