मुंबई की कप्तानी करेंगे सूर्यकुमार यादव, टी20 में लगाएंगे चौके- छक्के
Last Updated:
Suryakumar Yadav lead Mumbai in SMAT: भारत को टी20 विश्व कप दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में मुंबई की कमान संभालेंगे. खराब फॉर्म के कारण राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे सूर्या के लिए यह घरेलू टूर्नामेंट अपनी लय हासिल करने का सुनहरा मौका है. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा घोषित 16 सदस्यीय टीम में शिवम दुबे, शार्दुल ठाकुर और सरफराज खान जैसे धुरंधर शामिल हैं. गत विजेता मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से करेगी.
नई दिल्ली. भारत को अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप का खिताब जिताने वाले धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को मुंबई टीम की कमान सौंपी गई है. सूर्यकुमार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करेंगे. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने सूर्या को कप्तान बनाकर सबको हैरान कर दिया. पिछला कुछ समय सूर्यकुमार के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा है. भारत को टी20 विश्व कप की ऐतिहासिक जीत दिलाने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब फॉर्म के चलते उन्हें राष्ट्रीय टीम से बाहर होना पड़ा था. टी20 विश्व कप के ठीक बाद उनका प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में आखिरी मुकाबला इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान देखने को मिला था.
अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) के जरिए सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के पास अपनी लय वापस पाने और एक बार फिर से अपनी काबिलियत का लोहा मनवाने का यह सुनहरा मौका है. मुंबई की कप्तानी मिलने के बाद सूर्यकुमार यादव ने बेहद उत्साह और सकारात्मकता के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, ‘मुंबई का प्रतिनिधित्व करना हमेशा से ही गर्व और सम्मान का विषय रहा है. हमारी टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और रोमांचक युवा प्रतिभाओं का एक बेहतरीन मिश्रण है. मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी यह टीम एकजुट होकर मैदान पर उतरेगी, पूरी तीव्रता के साथ खेलेगी और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देगी. हमारा मुख्य लक्ष्य टूर्नामेंट में जीत हासिल कर ट्रॉफी को घर लाना है’
स्टार खिलाड़ियों से सजी है मुंबई की स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव के कंधों पर कप्तानी की बड़ी जिम्मेदारी तो है ही, लेकिन उन्हें मैदान पर मैच जिताने के लिए मुंबई के अन्य धुरंधरों का भी पूरा साथ मिलेगा. टीम में भारत के टी20 नियमित ऑलराउंडर शिवम दुबे की मौजूदगी टीम को मध्यक्रम में और गेंदबाजी में मजबूती देती है. इसके अलावा, टीम में बल्लेबाजी को मजबूती देने के लिए युवा और आक्रामक अंगकृष्ण रघुवंशी और अनुभवी सरफराज खान भी शामिल हैं. गेंदबाजी विभाग की बात करें तो शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे जैसे तेज गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द साबित होने के लिए तैयार हैं. हालांकि, इस चयन में एक बड़ा बदलाव भी देखने को मिला है. सिद्देश लाद, जिन्होंने इस सीजन में रणजी ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी संभाली थी, उन्हें इस टी20 स्क्वाड में जगह नहीं दी गई है. चयनकर्ताओं ने इस बार पूरी तरह से टी20 फॉर्मेट की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए टीम तैयार की है.
14 नवंबर से हैदराबाद के खिलाफ होगा अभियान का आगाज
घोषणा के साथ ही मुंबई टीम के शेड्यूल का भी खुलासा हो गया है. मुंबई की टीम अपने इस घरेलू टी20 अभियान की शुरुआत आगामी 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से करेगी. टूर्नामेंट का यह पहला मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि शुरुआती जीत टूर्नामेंट में आगे का सफर तय करने में बड़ा मानसिक बल देती है.
मुंबई की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), दिव्यांश सक्सेना, सुवेद पारकर, मुशीर खान, सरफराज खा, साईराज पाटिल, शिवम दुबे, अथर्व अंकोलेकर, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, शम्स मुलानी, मैक्सवेल स्वामीनाथन, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर).