पाकिस्तान में चीन की मदद से बन रहे एक बड़े हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर संकट आ गया है. खैबर पख्तूनख्वा के हरिपुर में तारबेला बांध के पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) में सुरक्षा के लिए बनाया गया अस्थायी बांध अचानक टूट गया. इसके बाद भारी मात्रा में पानी अंडर कंस्ट्रक्शन सुरंग में घुस गया. हालात बिगड़ते देख पाकिस्तानी मजदूरों और चीनी इंजीनियरों समेत सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालना पड़ा. हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन प्रोजेक्ट का काम अनिश्चित समय के लिए रोक दिया गया है.
यह प्रोजेक्ट पाकिस्तान की बिजली जरूरतों के लिहाज से काफी अहम है. इसके पूरा होने पर देश के बिजली ग्रिड में 1,410 मेगावाट अतिरिक्त बिजली जुड़ने की उम्मीद है. लेकिन सुरंग में पानी भरने के बाद अब काम दोबारा कब शुरू होगा, यह साफ नहीं है.
कैसे हुआ हादसा?
हरिपुर के डिप्टी कमिश्नर के मुताबिक, निर्माण स्थल पर पानी रोकने के लिए बनाया गया सुरक्षा बांध अचानक टूट गया. इसके बाद पानी तेजी से T-5 प्रोजेक्ट की मुख्य सुरंग में घुसने लगा.
यह अस्थायी बांध इसलिए बनाया गया था, ताकि सुरंग की खुदाई और निर्माण के दौरान पानी अंदर न आ सके. इसके टूटने से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. बचाव टीमों ने समय रहते सभी चीनी इंजीनियरों और पाकिस्तानी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
स्थानीय अधिकारियों और प्रोजेक्ट से जुड़े कुछ लोगों ने इस हादसे के लिए चीनी ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है. हालांकि, हादसे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा.
1,410 मेगावाट बिजली देने वाले प्रोजेक्ट पर संकट
तारबेला बांध का पांचवां विस्तार यानी T-5 पाकिस्तान की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना का अहम हिस्सा है. इसका लक्ष्य राष्ट्रीय बिजली ग्रिड में 1,410 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता जोड़ना है.
अब सुरंग में भरे पानी को निकालने और अंदर हुए नुकसान का आकलन करने में काफी समय लग सकता है. इसी वजह से प्रोजेक्ट की समयसीमा आगे बढ़ने की आशंका है.
हादसे की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच शुरू की गई है. इसमें यह पता लगाया जाएगा कि पानी रोकने के लिए बनाया गया अस्थायी बांध कैसे टूटा और सुरक्षा इंतजामों में कहां चूक हुई.