Last Updated:
Deputy CM Brajesh Pathak Emotional Video: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में ब्रजेश पाठक अस्पताल के दौरे के दौरान एक बुजुर्ग महिला से मिलते नजर आ रहे हैं. उन्होंने अम्मा को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे उनका पूरा इलाज करवाएं और पैसे की बिल्कुल भी चिंता न करें, क्योंकि वह उनके बेटे जैसे हैं.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का वीडियो वायरल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बेहद सख्त छवि वाले नेता माने जाते हैं. मगर, गुरुवार को वायरल हो रहे उनके वीडियो को देख कर आपका भ्रम टूट जाएगा. दरअसल, अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे डिप्टी सीएम से एक बुजुर्ग महिला टकरा गई, उस महिला के साथ उनकी बातचीत खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. इसमें वह एक बुजुर्ग महिला (अम्मा) से बेहद अपनेपन के साथ बात करते और उन्हें यह भरोसा दिलाते नजर आ रहे हैं कि वह उनकी अपनी मां जैसी हैं और उनके इलाज में पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा और सुना जा सकता है कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला के पास पहुंचते हैं. महिला को देखकर वे बड़े ही आत्मीय अंदाज में उनका हाथ अपने हाथों में लेते हैं और उनका हालचाल जानते हैं. वीडियो में डिप्टी सीएम प्यार से कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘अम्मा, पूरा इलाज कराना, घबराओ नहीं, हम तुम्हारे लड़के हैं…’ इसके साथ ही उन्होंने वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ को निर्देश दिया कि अम्मा के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सारा खर्च सरकार उठाएगी.
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे हैं जमकर तारीफ
एक बड़े नेता और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का ऐसा सरल, जमीन से जुड़ा और संवेदनशील अंदाज देखकर वहां मौजूद हर कोई भावुक हो गया. राजनेताओं की अक्सर सख्त और प्रोटोकॉल में रहने वाली छवि के विपरीत ब्रजेश पाठक का यह रूप आम जनता को बहुत पसंद आ रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग इस तरह आम नागरिकों से व्यक्तिगत जुड़ाव और अपनापन दिखाते हैं, तो प्रशासन पर जनता का भरोसा और अधिक मजबूत होता है.