Last Updated:
Tripti Singh Rajput: क्या हो अगर आप ठगी के शिकार हुए हैं और जांच करने वाले पुलिस वाले आपसे ही रिश्वत मांगने लगे. जी हां ऐसा मामला भोपाल से सामने आया है, जहां फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह राजपूत के मामले की जांच कर रहे पुलिस वालों पर रिश्वत मांगने के आरोप लगे हैं. अब उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया है.
तृप्ति सिंह राजपूत के केस में बड़ा खुलासा
(रिपोर्ट-रमाकांत दुबे)
Fake IAS Officer Tripti Singh Rajput: जिस खाकी से जनता न्याय की उम्मीद करती है, अगर वही किसी लुटे-पिटे इंसान की मजबूरी का फायदा उठाने लगे तो आम आदमी कहां जाए? मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कुछ ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां फर्जी IAS अफसर तृप्ति सिंह के मामले की जांच कर रहे पुलिस वालों पर ही रिश्वत मांगने के आरोप लग गए हैं. जबकि तृप्ति ने खुद फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से करोड़ों रुपए ठगे थे. अब जिन पुलिसवालों पर फरियादियों से रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे. उन्हें डीसीपी विकास शहवाल ने कार्रवाई करते हुए लाइन अटैच कर दिया है.
मामला भोपाल के बागसेवनिया थाने का है. यहां पदस्थ एएसआई मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर उस बहुचर्चित ठगी की जांच टीम में शामिल थे, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी. आरोप है कि फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह के झांसे में आकर अपनी जिंदगी भर की कमाई गंवाने वाले फरियादी जब थाने के चक्कर काट रहे थे, तो न्याय दिलाने के नाम पर ये पुलिसवाले उन्हीं से रिश्वत मांगने लगे.
पीड़ितों से ही ठगी करने लगे आरोपी
कहते हैं न कि ‘एक तो चोरी, ऊपर से सीनाजोरी’. एक तरफ जहां पीड़ितों को लाखों का चूना लग चुका था, वहीं जांच में मदद करने और उनके पैसे वापस दिलवाने के एवज में एएसआई और हवलदार लगातार रुपयों की मांग कर रहे थे. हद तो तब हो गई जब शिकायत के मुताबिक इन पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ पीड़ितों से बल्कि मामले के आरोपियों से भी साठगांठ कर पैसे ऐंठने का खेल शुरू कर दिया.
सिस्टम पर खड़े हो गए सवालिया निशान
जब पीड़ितों के सब्र का बांध टूटा, तो उन्होंने सीधे डीसीपी विकास शहवाल से इस पूरे खेल की लिखित शिकायत कर दी. शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने तुरंत दोनों अधिकारियों को लाइन अटैच कर दिया. भोपाल पुलिस विभाग में हुई इस कार्रवाई ने एक तरफ जहां यह संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा, वहीं दूसरी तरफ इस घटना ने सिस्टम पर एक बड़ा सवालिया निशान भी खड़ा कर दिया है.