Last Updated:
Jodhpur Diwali Celebration: दीपावली के पावन पर्व पर जोधपुर शहर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठा. ऐतिहासिक इमारतों और बाजारों में रोशनी देखने के लिए देर रात तक सड़कों पर लोगों का जनसैलाब उमड़ा रहा.
जोधपुर। दीपावली के पावन पर्व पर सूर्यनगरी जोधपुर का नजारा देखते ही बन रहा था. ऐतिहासिक मेहरानगढ़ दुर्ग से लेकर घंटाघर, प्रमुख बाजारों, चौराहों और शहर की गलियों तक हर तरफ रोशनी का अद्भुत संगम देखने को मिला. रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा नजर आया. लोगों ने अपने घरों की छतों, बालकनी और मुख्य द्वार पर आकर्षक लाइटिंग कर दीपोत्सव का स्वागत किया. वहीं बाजारों और प्रमुख मार्गों पर की गई रोशनी ने शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए. ऐतिहासिक इमारतों और पारंपरिक बाजारों के बीच जगमगाती रोशनी ने जोधपुर की खूबसूरती को एक अलग ही रंग दे दिया.
शहर को रोशनी से सजाने की महापौर प्रसन्नचंद मेहता की अपील का व्यापक असर देखने को मिला. नगर निगम की ओर से प्रमुख चौराहों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आकर्षक विद्युत सजावट की गई. इससे प्रेरित होकर विभिन्न मोहल्ला समितियों और स्थानीय मंडलों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष लाइटिंग कर दीपावली का उत्साह दोगुना कर दिया. सोजती गेट, जालोरी गेट, पावटा, घंटाघर, सरदारपुरा, महामंदिर और शास्त्रीनगर सहित शहर के कई इलाकों में आकर्षक रोशनी देखने को मिली. महापौर प्रसन्नचंद मेहता और उप महापौर विजय सिंह पंवार भी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करते नजर आए.
रोशनी निहारने परिवार सहित निकले लोग, देर रात तक बाजारों में रौनक
दीपावली की रात जोधपुरवासियों में शहर की सजावट देखने को लेकर खासा उत्साह रहा. देर शाम से ही लोग परिवार और बच्चों के साथ घरों से बाहर निकले. कोई सोजती गेट की रोशनी निहारता नजर आया तो कोई जालोरी गेट और घंटाघर की आकर्षक सजावट के बीच यादगार पल कैमरे में कैद करता दिखाई दिया. प्रमुख चौराहों और बाजारों में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रही। जगह-जगह लोग रुककर रोशनी के साथ तस्वीरें लेते नजर आए. घरों में जलते दीपक, छतों पर सजी झालरें और बाजारों में चमचमाती लाइटों ने दीपोत्सव के उल्लास को और खास बना दिया. शहरवासियों के साथ बाहर से आए लोगों ने भी जोधपुर की इस खूबसूरती का आनंद लिया.
सुरक्षा के भी रहे पुख्ता इंतजाम, 700 कैमरों से रखी गई नजर
दीपावली के दौरान बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा. पुलिस कमिश्नर अंशुमान भौमिया के निर्देशन में शहरभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. डीसीपी कमल शेखावत, मनीष चौधरी और शाहीन सी ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली. प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जाब्ता तैनात रहा. वहीं अभय कमांड सेंटर के माध्यम से करीब 700 सीसीटीवी कैमरों से शहर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई. कुल मिलाकर दीपावली पर जोधपुर में रोशनी, सजावट, उत्साह और सुरक्षा का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने सूर्यनगरी की खूबसूरती को और भी खास बना दिया.