मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के देवलास स्थित सूर्य मंदिर में हर साल लगने वाले ऐतिहासिक मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं. करीब 200 साल से यहां मेले की परंपरा चली आ रही है. इस बार मेला 14 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक चलेगा. इस मेले में दूर-दूर से लोग दर्शन करने और खरीदारी करने पहुंचते हैं.
लोकल 18 से बातचीत में मंदिर के पुजारी दुर्गेश पांडेय और स्थानीय निवासी संतोष सिंह ने मेले से जुड़ी कई खास बातें बताईं. यहां सूर्य मंदिर के साथ देवल मुनि का मंदिर भी है. मंदिर के पास सूर्य कुंड बना हुआ है, जहां लोग स्नान करने के बाद पूजा-पाठ करते हैं. इसी वजह से इस मेले का धार्मिक महत्व भी है. आइए जानते हैं कि करीब 200 साल से चली आ रही इस मेले की परंपरा क्या है और इस बार यहां क्या खास रहने वाला है.
200 साल से चली आ रही मेले की परंपरा
मंदिर के पुजारी दुर्गेश पांडेय बताते हैं कि देवलास में करीब 200 साल से मेले का आयोजन होता आ रहा है. आमतौर पर यह मेला 7 दिनों तक लगता है. इसकी शुरुआत डाला छठ से एक दिन पहले छोटी छठ से होती है. इस दौरान लोग यहां स्नान करते हैं और सूर्य मंदिर में दर्शन के साथ देवल मुनि की पूजा करते हैं. उन्होंने बताया कि इस स्थान पर सूर्य देव का बाल रूप स्थापित है. साथ ही यहां देवल मुनि का मंदिर भी है. यही वजह है कि यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. सिर्फ मऊ ही नहीं, बल्कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बिहार समेत कई जगहों से लोग यहां दर्शन करने आते हैं. लोगों की इस मंदिर के प्रति गहरी आस्था है. मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है.
इस बार 14 से 24 नवंबर तक लगेगा मेला
स्थानीय निवासी और समाजसेवी संतोष सिंह बताते हैं कि इस बार 14 नवंबर से मेले का आयोजन होगा. मेले को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इस बार मेला 24 नवंबर तक लगाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मेले में कानपुर, बाराबंकी, प्रयागराज, वाराणसी, शाहजहांपुर, दिल्ली, बिहार और कोलकाता समेत कई जगहों से दुकानदार आते हैं. अलग-अलग जगहों के मशहूर सामान की दुकानें यहां लगती हैं. मेले में खरीदारी के लिए लोगों को कई तरह के सामान मिल जाते हैं.
शादी-विवाह की खरीदारी के लिए भी पहुंचते हैं लोग
संतोष सिंह बताते हैं कि इस मेले में लोग शादी-विवाह की खरीदारी भी करते हैं. यहां फर्नीचर से लेकर घर में इस्तेमाल होने वाला सामान तक मिलता है. लकड़ी की चौकी और दूसरी जरूरत की चीजों की दुकानें भी लगती हैं. दुकानदार यहां कम कीमत पर सामान बेचते हैं, इसलिए दूर-दूर से लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं. मेले में झूले, चरखी, मौत का कुआं और जादूगर के शो भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं. इनसे मेले की रौनक बढ़ जाती है. संतोष सिंह के मुताबिक, मेले में हर दिन करीब 2 लाख लोगों की भीड़ पहुंचती है. इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है.
सूर्य कुंड में स्नान कर करते हैं पूजा-पाठ
स्थानीय निवासी रामू प्रसाद यादव बताते हैं कि देवलास का यह मेला मऊ जिले के ऐतिहासिक मेलों में गिना जाता है. देवल मुनि के मंदिर के पास ही सूर्य कुंड है. यहां लोग स्नान करने के बाद श्रद्धा के साथ पूजा-पाठ करते हैं. सूर्य मंदिर और देवल मुनि के प्रति लोगों की आस्था के कारण हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि मेले का आयोजन इस बार 14 नवंबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा. मेला रात 10 बजे तक चलेगा. देव दीपावली के दिन यहां खास आयोजन होगा. गंगा आरती के साथ देव दीपावली मनाई जाएगी और इसी के साथ मेले का समापन होगा.