स्टॉक मार्केट में आने वाला है 3 लाख करोड़ रुपये के शेयरों का सैलाब, Jio Platforms और SBI फंड्स भी शामिल

स्टॉक मार्केट में आने वाला है 3 लाख करोड़ रुपये के शेयरों का सैलाब, Jio Platforms और SBI फंड्स भी शामिल


शेयर बाजार में अगले कुछ महीनों के दौरान बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है. करीब 116 कंपनियों के 35 अरब डॉलर यानी लगभग 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के शेयर लॉक-इन अवधि पूरी होने के बाद ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 के बीच इन कंपनियों के शेयरों से लॉक-इन पीरियड खत्म होगा. इनमें हाल ही में शेयर बाजार में लिस्ट हुई कई कंपनियां भी शामिल हैं.

इस खबर पर निवेशकों की नजर इसलिए है, क्योंकि जब बड़ी संख्या में शेयर बेचने के लिए उपलब्ध होते हैं तो बाजार में उनकी सप्लाई बढ़ सकती है. मांग के मुकाबले शेयर ज्यादा होने पर कुछ कंपनियों के स्टॉक की कीमतों पर दबाव आने की आशंका रहती है. हालांकि, लॉक-इन खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि शेयरधारक तुरंत अपने शेयर बेच देंगे. कई कंपनियों में बड़ी हिस्सेदारी प्रमोटर्स और उनके ग्रुप के पास है, जो लंबे समय तक निवेश बनाए रख सकते हैं. ऐसे में निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी है कि किन कंपनियों के कितने शेयर खुलने वाले हैं.

नवंबर में किन कंपनियों के शेयर होंगे अनलॉक?

नवंबर में कई कंपनियों के शेयर लॉक-इन से बाहर आने वाले हैं. इनमें जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस, जियो प्लेटफॉर्म्स, शिपरोकेट और होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स जैसे नाम शामिल हैं. नुवामा की रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर को अर्डी इंडस्ट्रीज के 1.2 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे. वहीं, 11 नवंबर को लीप इंडिया के 2.3 करोड़ शेयरों से लॉक-इन पीरियड हटेगा. इन कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों की नजर रह सकती है.

इसके अलावा, 16 नवंबर को शिपरोकेट के 3.7 करोड़ शेयर अनलॉक होंगे, जो कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 5 फीसदी हैं. 18 नवंबर को होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स के 9.7 करोड़ शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. वहीं, 20 नवंबर को जेटवर्क के 7.5 करोड़ शेयरों का लॉक-इन खत्म होगा. यह कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 4 फीसदी है. 25 नवंबर को जियो प्लेटफॉर्म्स के 3.6 करोड़ शेयर अनलॉक होंगे, जो उसकी कुल इक्विटी का 0.4 फीसदी है.

दिसंबर और जनवरी में बड़े शेयर अनलॉक

नवंबर के बाद दिसंबर में भी कुछ कंपनियों के बड़े अनलॉक देखने को मिलेंगे. 9 दिसंबर को सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के करीब 14.2 करोड़ शेयर लॉक-इन से बाहर आएंगे. यह कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 65 फीसदी हिस्सा है. इसके बाद 15 दिसंबर को हेक्सागन न्यूट्रिशन के 6.7 करोड़ शेयर अनलॉक होंगे, जो कंपनी की कुल इक्विटी का 54 फीसदी हैं. वहीं, 28 दिसंबर को टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस के 16 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे. यह कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 54 फीसदी है.

जनवरी 2027 में भी कई कंपनियों के शेयरों का लॉक-इन खत्म होगा. 4 जनवरी को CSM टेक्नोलॉजीज के 2.8 करोड़ शेयर अनलॉक होंगे. 11 जनवरी को नैक पैकेजिंग के 4.3 करोड़ शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे. वहीं, 14 जनवरी को कुसुमगर के 6.3 करोड़ और 18 जनवरी को लेजर पावर एंड इंफ्रा के 7.8 करोड़ शेयरों से लॉक-इन पीरियड हटेगा. इन कंपनियों में अनलॉक होने वाले शेयर उनकी कुल इक्विटी का 35 से 60 फीसदी तक हैं.

SBI फंड्स मैनेजमेंट में सबसे बड़ा अनलॉक

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी में सबसे बड़े अनलॉक में से एक एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का होने वाला है. 18 जनवरी को कंपनी के करीब 142.8 करोड़ शेयर लॉक-इन से बाहर आ जाएंगे. यह कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 70 फीसदी हिस्सा है. शेयरों की संख्या के लिहाज से यह इस अवधि के सबसे बड़े अनलॉक में शामिल है. इतनी बड़ी हिस्सेदारी ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होने के कारण निवेशक इस तारीख पर खास नजर रख सकते हैं.

लॉक-इन पीरियड खत्म होने से शेयर पर कितना असर?

लॉक-इन पीरियड खत्म होने का सीधा मतलब सिर्फ इतना है कि शेयरधारकों पर लगी बिक्री की कानूनी पाबंदी हट गई है. इसके बाद वे चाहें तो अपने शेयर बेच सकते हैं, लेकिन ऐसा करना उनके लिए जरूरी नहीं है. खासतौर पर प्रमोटर्स और लंबे समय से निवेश करने वाले शेयरधारक अक्सर अपनी हिस्सेदारी बनाए रखते हैं. दूसरी ओर, कुछ शुरुआती निवेशक या नॉन-प्रमोटर शेयरधारक मुनाफा निकालने के लिए शेयर बेच सकते हैं. इससे संबंधित स्टॉक में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. इसलिए निवेशकों को केवल अनलॉक होने वाले शेयरों की संख्या देखकर फैसला नहीं लेना चाहिए. यह भी देखना जरूरी है कि कंपनी में प्रमोटर्स की कितनी हिस्सेदारी है, शेयरों का मौजूदा वैल्यूएशन कैसा है और कारोबार की ग्रोथ कैसी चल रही है.



Source link