Last Updated:
Sonu Nigam Son Nevaan: सोनू निगम के बेटे निवान ने 19 साल की उम्र में सिंगिंग डेब्यू कर लिया है. सिंगर के बेटे ने दिवाली के मौके पर अपनी जिंदगी के नए अध्याय शुरुआत की. सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर बताया कि उनके बेटे ने उनके परिवार में खुशियां भर दी हैं.
सोनू निगम के बेटे ने सिंगिंग डेब्यू किया.
नई दिल्ली. सोनू निगम ने अपनी आवाज से दशकों तक लोगों के दिलों पर राज किया है. वो बॉलीवुड की सबसे जादुई आवाज में से एक रहे हैं. सोनू निगम की कला का कोई सानी नहीं है. उनके गानों के दीवाने देश ही नहीं, दुनियाभर में मौजूद हैं. अब उनके बेटे ने भी पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए म्यूजिक की दुनिया में कदम रख दिया है. सोनू निगम के 19 साल के बेटे निवान निगम ने अपना पहला गाना रिलीज कर दिया है. उनके डेब्यू सिंगल का नाम ‘स्लाइड’ है, जिसे 6 नवंबर 2026 को यूट्यूब पर रिलीज किया गया.
निवान के इस नए सफर को लेकर उनके परिवार और फैंस के बीच काफी उत्सुकता है. खास बात ये है कि संगीत उनके लिए कोई नई चीज नहीं है, बल्कि बचपन से ही उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा है. सोनू निगम का बेटा 19 साल की उम्र में इंडस्ट्री में कदम रखने को तैयार है. इस खास मौके पर दिग्गज सिंगर ने लाडले के लिए भावुक पोस्ट शेयर किया.
सोनू निगम ने बेटे के लिए लिखा भावुक पोस्ट
सोनू निगम लिखते हैं, ‘दिवाली के इस शुभ और पावन मौके पर निवान ने संगीत की दुनिया में अपने सफर की शुरुआत की है. उसने अपने दादा और पिता से बिल्कुल अलग रास्ता चुनते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाने की दिशा में पहला कदम बढ़ाया है. एक गोल-मटोल बच्चे से फिट और आत्मविश्वास से भरे नौजवान बनने तक का उसका सफर हमारे परिवार के लिए बेहद खास रहा है’.
निवान सिंगिंग डेब्यू करने जा रहे हैं.
सोनू निगम ने बेटे निवान के लिए मांगा सपोर्ट
सोनू ने इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट में आगे लिखा, ‘एक समय था, जब निवान अपने ही पिता के सामने गाना गाने में झिझकता था. आज वही निवान अपने शानदार वोकल कोच से सीखी गई गायकी की बारीकियों का रोजाना 16 घंटे तक अभ्यास करता है. इतना ही नहीं, वह दिग्गज म्यूजिक प्रोड्यूसर पू बेयर के साथ स्टूडियो में एक ही टेक में रिकॉर्डिंग पूरी कर रहा है’.
सिंगर ने लिखा कि आमतौर पर वो गर्व शब्द का इस्तेमाल करने से बचते हैं. इसलिए वो लिख रहे हैं कि उनके बेटे ने उनके पूरे परिवार में खुशियां भर दी हैं. सोनू निगम ने कहा कि साढ़े 4 साल की उम्र में जब उनके बेटे ने स्टेज पर लाइव अभी मुझ में कहीं गाया था तब भी लोगों ने उसपर खूब प्यार लुटाया था. अब वो वैसे ही प्यार की दोबारा उम्मीद कर रहे हैं.