पटना. बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और पटना को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का उद्घाटन करेंगे. यानी बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. करीब 9.76 किलोमीटर लंबा यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क को नई रफ्तार देगा. इसके चालू होने से पटना से वैशाली पहुंचने में महज 20 से 25 मिनट लगेंगे. अभी इस रूट पर महात्मा गांधी सेतु और दूसरे रास्तों के कारण लोगों को ट्रैफिक जाम और लंबी दूरी की परेशानी झेलनी पड़ती है.
कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु गंगा नदी पर बन रहा छह लेन का पुल है. यह पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा. इसकी मुख्य पुल संरचना की लंबाई 9.76 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच रोड समेत पूरी परियोजना करीब 19.76 किलोमीटर लंबी है. इस परियोजना पर करीब 5,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं. इसे बिहार की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में गिना जा रहा है. यह पुल पटना-बख्तियारपुर फोरलेन के सबलपुर इलाके से शुरू होकर वैशाली में चक सिकंदर और गाजीपुर चौक के बीच एनएच-103 से जुड़ेगा. इसके जरिए एनएच-30 और एनएच-103 के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा. पुल को इस तरह तैयार किया गया है कि इस पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकें.
कितने घंटे का सफर होगा कम?
इस पुल के शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा पटना और उत्तर बिहार के लोगों को मिलेगा. पटना से वैशाली की दूरी तय करने में अब करीब 20 से 25 मिनट लगने का अनुमान है. इसके अलावा समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे जिलों से पटना आने-जाने वाले लोगों को भी वैकल्पिक और तेज रास्ता मिलेगा. अभी महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का भारी दबाव रहता है. पीक आवर में जाम के कारण लोगों को काफी समय गंवाना पड़ता है. कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल चालू होने से गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और उत्तर बिहार से राजधानी पटना आने वाले वाहनों को एक नया रास्ता मिलेगा.
राघोपुर दियारा के लोगों के लिए भी काफी महत्वपूर्ण
इस परियोजना के जरिए कुछ लंबे सड़क चक्करों से भी छुटकारा मिलेगा. खासकर राघोपुर दियारा के लोगों के लिए यह पुल बेहद महत्वपूर्ण है. गंगा और गंडक नदियों से घिरे इस इलाके के लोगों को अब सालभर सड़क मार्ग से पटना और हाजीपुर की ओर आने-जाने का विकल्प मिलेगा.
समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर को भी फायदा
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का फायदा सिर्फ पटना और वैशाली तक सीमित नहीं रहेगा. उत्तर बिहार के समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों से आने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे पटना पहुंचने के लिए महात्मा गांधी सेतु पर निर्भरता कम होगी.
इसका असर व्यापार और कारोबार पर भी पड़ेगा. उत्तर बिहार से फल, सब्जियां और दूसरे कृषि उत्पाद कम समय में पटना, दक्षिण बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बाजारों तक पहुंचाए जा सकेंगे. इससे माल ढुलाई में लगने वाला समय और ईंधन खर्च कम होने की उम्मीद है.
देश के सबसे लंबे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल पुलों में शामिल
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल की एक खासियत इसकी निर्माण तकनीक भी है. इसे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल ब्रिज तकनीक से बनाया गया है. गंगा पर बनी इसकी मुख्य संरचना करीब 32 मीटर चौड़ी है. पुल के निर्माण में आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. यह बिहार का सबसे लंबा एक्स्ट्रा डोज्ड केबल पुल माना जा रहा है. इस परियोजना का निर्माण बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराया गया है. निर्माण कार्य में एलएंडटी और दक्षिण कोरिया की कंपनी दाइऊ की संयुक्त भागीदारी रही है. एशियाई विकास बैंक (ADB) से भी परियोजना के लिए वित्तीय सहायता मिली है.
NDA सरकार की पहली वर्षगांठ के बीच PM का बिहार दौरा
बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर 20 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके अगले दिन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे का प्रस्तावित कार्यक्रम है. उनके दौरे को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए की बैठक भी हुई है. वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने वैशाली के राजापाकर विधानसभा क्षेत्र के बहसी गांव के पास प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है. इस दौरान सुरक्षा, हेलीपैड, मंच निर्माण और यातायात व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया गया.
सोमवार को पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में एनडीए नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बनाने की बात कही. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, सुरेंद्र विवेक और सुभाष चंद्रवंशी मौजूद रहे. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम वैशाली के राजापाकर प्रखंड में होगा. 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे हो रहे हैं और इसके अगले दिन प्रधानमंत्री बिहार को कई बड़ी सौगात देने आ रहे हैं.
वहीं, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन से राज्य के विकास को गति मिलेगी. एनडीए के सभी घटक दल मिलकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएंगे. हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर एनडीए के सभी घटक दलों की ओर से बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है. वैशाली में प्रधानमंत्री के आने को लेकर लोगों में काफी उत्साह है. पीएम मोदी बिहार को बड़ा तोहफा देने आ रहे हैं.