कभी चलता था गर्ल्स कॉलेज, अब कल्चरल हब बनी खुर्शीद जाह देवड़ी
Last Updated:
Khurshid Jah Devdi Restoration: पाइगाह दौर की ऐतिहासिक खुर्शीद जाह देवड़ी को नया स्वरूप देकर कल्चरल हब के रूप में विकसित किया गया है. कभी इस इमारत में गर्ल्स कॉलेज संचालित होता था. अब करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से इसका संरक्षण और पुनर्विकास किया गया है. यह पहल ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी.
हैदराबाद: पुराने हैदराबाद के ऐतिहासिक हुसैनी आलम इलाके में स्थित मशहूर खुर्शीद जाह देवड़ी एक बार फिर अपने पुराने शाही वैभव को हासिल करने की राह पर है. लंबे समय तक उपेक्षा और बदहाली का शिकार रही 19वीं सदी की यह ऐतिहासिक धरोहर अब आधुनिक संरक्षण कार्यों के जरिए पुनर्जीवित की जा रही है.
इस भव्य महल की नींव पाइगाह खानदान के नवाब फखरुद्दीन खान ने रखी थी. बाद में उनके उत्तराधिकारी नवाब खुर्शीद जाह बहादुर ने इसके विस्तार और सजावट में कई अहम काम करवाए. यूरोपीय पैलेडियन स्थापत्य कला की मिसाल मानी जाने वाली यह इमारत अपने ऊंचे स्तंभों, विस्तृत बरामदों और नक्काशीदार संरचना के लिए जानी जाती है.
अपने स्वर्णिम दौर में यह महल बेशकीमती कालीनों, भव्य झूमरों और लकड़ी की बारीक नक्काशी से सजा हुआ था, जो उस दौर की नवाबी शान-ओ-शौकत और स्थापत्य प्रेम का प्रतीक था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
समय बदलने के साथ इस इमारत का स्वरूप भी बदला. कई दशकों तक यहां हुसैनी आलम गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज संचालित होता रहा. हालांकि, इमारत की जर्जर स्थिति और संरचनात्मक सुरक्षा चिंताओं के कारण साल 2008 में कॉलेज को यहां से दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया. इसके बाद उचित रख-रखाव के अभाव में यह धरोहर धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होने लगी; दीवारें दरकने लगीं, छतें क्षतिग्रस्त हो गईं और फर्श उखड़ गए.
धरोहर प्रेमियों की लगातार मांग के बाद दिसंबर 2022 में इसके पुनर्निर्माण की आधिकारिक घोषणा की गई. इसके बाद जून 2023 से कुली कुतुब शाह अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी की देखरेख में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से संरक्षण परियोजना शुरू की गई.
पुनरुद्धार के दौरान इमारत की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए पारंपरिक तकनीकों को अपनाया गया है. आधुनिक सीमेंट के बजाय पारंपरिक चूने के गारे का उपयोग किया गया, पुरानी लकड़ी की कारीगरी को दुरुस्त किया गया और फर्श व स्तंभों को उनके मूल स्वरूप में लौटाने का काम किया गया.
संरक्षण कार्य पूरा होने के बाद अब इसे एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है. इसमें आर्ट गैलरी और आगंतुकों के लिए कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि लोग हैदराबाद की समृद्ध वास्तुकला से जुड़ सकें.