Pakistan POK Protest News JKJAAC Asim Munir: PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बगावत के सुर, असीम मुनीर को ललकार, कहा- फौज को पीछे करो

Pakistan POK Protest News JKJAAC Asim Munir: PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बगावत के सुर, असीम मुनीर को ललकार, कहा- फौज को पीछे करो


Last Updated:

Pakistan News Hindi: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAAC) ने सेना प्रमुख असीम मुनीर को चिट्ठी लिखी है. संगठन ने सैन्य कार्रवाई रोकने, सुरक्षा बलों को वापस बुलाने और मारे गए लोगों को न्याय देने की मांग की है. कमेटी का दावा है कि जून 2026 से अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है.

Zoom

आसिम मुनीर से POK के लोग सवाल कर रहे हैं. (Reuters)

POK Asim Munir: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. अपने हक और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोगों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है. अब जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAAC) ने सीधे पाकिस्तान के सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल असीम मुनीर को चिट्ठी लिखकर जवाब मांगा है. संगठन ने सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकने, इलाके से सुरक्षा बलों को हटाने और प्रदर्शन के दौरान मारे गए लोगों को इंसाफ देने की मांग की है. कमेटी का दावा है कि जून 2026 में आंदोलन शुरू होने के बाद से अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

कमेटी ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा ताकत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर भारी हथियारों और ड्रोन तक का इस्तेमाल किया गया. संगठन ने पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व से अपील की है कि ताकत के इस्तेमाल के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाया जाए.

असीम मुनीर को चिट्ठी लिखकर क्या मांग की?

JKJAAC ने अपनी अपील में साफ कहा है कि PoK में चल रहे सैन्य अभियान तुरंत बंद किए जाएं. प्रदर्शनकारियों के खिलाफ तैनात पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को वापस बुलाया जाए और हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों को न्याय मिले. कमेटी का कहना है कि लगातार बल प्रयोग से सेना और कश्मीर के आम लोगों के बीच दूरी और बढ़ सकती है. उसने चेतावनी दी है कि अगर लोगों की मांगों को दबाने के लिए कार्रवाई जारी रही तो शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलन का रास्ता भी बदल सकता है.

संगठन ने अपने आंदोलन को आतंकवाद से जोड़ने की कोशिशों को भी खारिज किया है. उसका कहना है कि उसकी मांगें राजनीतिक अधिकारों, सरकारी जवाबदेही और लोकतांत्रिक आजादी से जुड़ी हैं. कमेटी ने पाकिस्तान सरकार से कश्मीर नीति पर दोबारा विचार करने और लोगों की शिकायतों का राजनीतिक समाधान निकालने की अपील की है.

रावलाकोट में कार्रवाई के बाद फिर भड़की हिंसा

असीम मुनीर को लिखी गई चिट्ठी से कुछ दिन पहले रावलाकोट में भी हिंसा हुई थी. 5 नवंबर को आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने JKJAAC के कैंपों को हटाने के लिए अभियान चलाया था. इस कार्रवाई में कम से कम सात लोगों की मौत और करीब 23 लोगों के घायल होने की खबर आई थी. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के दौरान सशस्त्र ड्रोन और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया. दूसरी तरफ, पाकिस्तानी पुलिस ने आंदोलन से जुड़े लोगों पर कानून लागू कराने वाले सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है.

PoK में क्यों चल रहा आंदोलन?

PoK में विरोध प्रदर्शन जून 2026 से लगातार तेज हो रहे हैं. इन प्रदर्शनों की अगुवाई JKJAAC कर रही है. आंदोलन के पीछे कई आर्थिक, राजनीतिक और प्रशासनिक मांगें हैं. प्रदर्शनकारी बिजली और गेहूं की कीमतों में राहत चाहते हैं. इसके अलावा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, रोजगार के अवसर और क्षेत्र को ज्यादा राजनीतिक अधिकार देने की मांग भी कर रहे हैं. लोगों की एक बड़ी शिकायत यह भी है कि राजनीतिक और प्रशासनिक वर्ग को विशेष सुविधाएं मिलती हैं, जबकि आम जनता को बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ता है. आंदोलन के दौरान कई बार प्रदर्शन, धरने और मुजफ्फराबाद तक लंबे मार्च का ऐलान किया गया. इसके जवाब में प्रशासन ने सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई, गिरफ्तारियां कीं और कई तरह की पाबंदियां लगाईं.

आतंकवाद विरोधी कानून के तहत संगठन पर प्रतिबंध

पाकिस्तान सरकार ने JKJAAC पर आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत प्रतिबंध भी लगाया है. पाकिस्तानी अधिकारियों का आरोप है कि संगठन लोगों को हिंसा के लिए उकसाता है और सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाता है. हालांकि, कमेटी इन आरोपों को खारिज करती है.



Source link