MP में प्रदूषण का कहर: सबसे स्वच्छ इंदौर की हवा भी जहरीली, 500 पार हुआ AQI, ग्वालियर-भोपाल में प्रदूषण बढ़ा

MP में प्रदूषण का कहर: सबसे स्वच्छ इंदौर की हवा भी जहरीली, 500 पार हुआ AQI, ग्वालियर-भोपाल में प्रदूषण बढ़ा


Last Updated:

दीपावली की आतिशबाजी के बाद मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों की हवा प्रदूषित हो गई है. मध्य प्रदेश के तीन बड़े शहरों का हाल सबसे बुरा रहा. स्वच्छता के मामले में नंबर 1 पर रहने वाला इंदौर में एक्यूआई दिल्ली से भी ज्यादा रहा. ग्वालियर का AQI 340 पहुंच गया, जबकि इंदौर में रात को यह 500 के करीब दर्ज हुआ. भोपाल के टीटी नगर में भी AQI 242 रहा.

Zoom

मध्य प्रदेश के तीन बढ़े शहरों में खतरनाक स्तर पर प्रदूषण.

भोपाल. दीपावली पर हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब मध्य प्रदेश के शहरों की आबोहवा पर दिखाई देने लगा है. ग्वालियर, भोपाल और इंदौर में हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है. ग्वालियर में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है. वहीं, इंदौर में दीपावली की रात एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 के करीब दर्ज किया गया. सुबह तक भी हालात में ज्यादा सुधार नहीं हुआ. 9 नवंबर की सुबह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के औसत आंकड़ों के मुताबिक ग्वालियर का AQI 340 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. शहर के अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा.

दीपावली के दौरान भी ग्वालियर देश के टॉप-15 प्रदूषित शहरों में शामिल था. वहीं, सुबह के वैश्विक प्रदूषण आंकड़ों में 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 98 भारत के बताए गए, जिनमें ग्वालियर भी 274 AQI के साथ शामिल रहा. डीडी नगर में 354 (बहुत खराब), महाराज बाड़ा: 332 (बहुत खराब) और सिटी सेंटर: 314 (बहुत खराब) रहा.

भोपाल में आतिशबाजी से बिगड़ी हवा

राजधानी भोपाल में भी दीपावली की रात जमकर पटाखे फोड़े गए. इसका असर शहर की हवा पर पड़ा है. अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI के आंकड़े ने चौंका दिया. टीटी नगर में एक्यूआई 242, ईदगाह हिल्स में 127
और पर्यावरण परिसर में 177 रहा. टीटी नगर में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज किया गया. प्रदूषण को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है.

इंदौर में रात को 500 के करीब पहुंचा AQI

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में भी दीपावली की आतिशबाजी का असर साफ दिखाई दिया. रात के समय AQI करीब 500 तक पहुंच गया, जबकि सोमवार सुबह भी यह लगभग 400 दर्ज किया गया. हवा में PM 2.5 और PM 10 का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया. अमोनिया की मात्रा में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई. सुबह होने के बाद भी शहर के कई इलाकों में धुंध छाई रही. लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और वातावरण में पटाखों के बारूद की गंध बनी रही.

हवा नहीं चलने से जमा रहा धुआं

विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषण बढ़ने के पीछे आतिशबाजी के साथ मौसम की परिस्थितियां भी जिम्मेदार रहीं. दीपावली के दिन तापमान सामान्य से अधिक था और रात में हवा की गति लगभग शून्य रही. ऐसे में पटाखों से निकला धुआं वातावरण में जमा होता गया और हवा के साथ फैल नहीं पाया. दीपावली के बाद प्रदेश के प्रमुख शहरों में बढ़ा प्रदूषण लोगों की सेहत के लिए चिंता का विषय बन गया है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.



Source link