Last Updated:
Ram Kripal Yadav on Prashant Kishor: “कुछ लोग टूट कर भाजपा में जाएंगे, कुछ हमारे साथ आएंगे, कुछ राष्ट्रीय जनता दल में जाएंगे.” जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद जेडीयू टूट जाएगी और उसके नेता बीजेपी, जन सुराज तथा दूसरे दलों में चले जाएंगे. अब बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने इस बयान पर तीखा हमला बोला है और कहा है कि- जेडीयू न कभी टूटी है और न कभी टूटेगी. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
प्रशांत किशोर को रामकृपाल यादव की दो टूक, ‘JDU न कभी टूटी है, न कभी टूटेगी’
पटना. जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर उर्फ पीके (Prashant Kishore Alias PK) की ओर से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के भविष्य को लेकर की गई तीखी भविष्यवाणी पर बिहार की सियासत गरमा गई है. जेडीयू में संभावित बड़ी टूट और नेताओं के बीजेपी के अतिरिक्त जन सुराज में शामिल होने के पीके के दावे पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने करारा पलटवार किया है. प्रशांत किशोर पर सीधा हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि पीके इस समय पूरी तरह थके और परेशान हैं, इसी हताशा में वे इस तरह की बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं. बता दें कि जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद जेडीयू टूट जाएगी और उसके नेता बीजेपी, जन सुराज तथा दूसरे दलों में चले जाएंगे. अब इसी मामले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने इस बयान पर तीखा हमला बोला है.
प्रशांत किशोर कान खोलकर सुन लें, न टूटी है न टूटेगी जेडीयू
मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रशांत किशोर के दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बड़ी चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा, “प्रशांत किशोर जी इस चीज को अच्छी तरह याद रखिए, जेडीयू न कभी टूटी है और न ही कभी टूटेगी. पार्टी का कोई भी विधायक या नेता टूटकर कहीं जाने वाला नहीं है.” मंत्री ने साफ किया कि एनडीए का यह कुनबा पूरी तरह एकजुट है और पीके का यह दावा सिर्फ मीडिया में बने रहने के लिए एक ख्याली पुलाव मात्र है.
संगठित अपराध और करप्शन को बिहार में करेंगे नेस्तनाबूद
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की बड़ी कार्रवाई और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को और अधिक पावर दिए जाने के सवाल पर भी मंत्री ने सरकार का स्टैंड साफ किया. उन्होंने कहा कि बिहार में करप्शन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार ने संगठित अपराध और भ्रष्टाचार की जड़ों को पूरी तरह बर्बाद करने का मन बना लिया है. इसके लिए जांच एजेंसियों को और अधिक अधिकार, अत्याधुनिक संसाधन और मजबूती दी जा रही है ताकि अपराधियों और भ्रष्टाचारियों में खौफ पैदा हो.
विधान परिषद भर्ती घोटाले पर दिया नपा-तुला जवाब
बिहार विधान परिषद में हुए कथित नियुक्ति घोटाले के बड़े खुलासे और उस पर मचे सियासी बवाल को लेकर जब मंत्री से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही नपा-तुला जवाब दिया. रामकृपाल यादव ने कहा कि यह पूरा मामला बेहद संवेदनशील है और इस पूरे प्रकरण को बिहार विधान परिषद के माननीय सभापति खुद देख रहे हैं. इस स्तर पर जो भी संवैधानिक और उचित कानूनी प्रक्रिया होगी, उसके तहत सभापति महोदय के स्तर से ही आगे का निर्णय लिया जाएगा.
पीएम के दौरे से बिहार में बिछेगा उद्योगों का जाल, रुकेगा पलायन
प्रधानमंत्री के आगामी बिहार दौरे और राज्य में उद्योगपतियों के साथ लाखों करोड़ रुपये के निवेश समझौतों (MoUs) पर मंत्री बेहद उत्साहित नजर आए. उन्होंने दावा किया कि केंद्र और बिहार सरकार के डबल इंजन सहयोग से सूबे में बहुत जल्द उद्योगों का एक बड़ा जाल बिछने जा रहा है. बड़े पैमाने पर होने वाले इस निवेश से न सिर्फ बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा, बल्कि यहां के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा जिससे सालों से चला आ रहा पलायन का दंश हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा.