Last Updated:
Kurnool Bodybuilder Umar Success Story: कर्नूल में कांग्रेस कार्यालय के पास छोटी सी पंचर की दुकान चलाने वाले बॉडीबिल्डर उमर ने संघर्ष और मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है. सीमित आमदनी और संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने अब तक 11 प्रमुख बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिनमें 9 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते. प्रतिष्ठित मिस्टर इंडिया और मिस्टर आंध्र प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया. उमर की दिनचर्या सुबह 4:30 बजे नमाज से शुरू होती है. इसके बाद जिम में ट्रेनिंग और फिर दुकान पर टायरों के पंचर ठीक करने का काम करते हैं. बॉडीबिल्डिंग की महंगी डाइट और सप्लीमेंट्स का खर्च उठाने के लिए वे अपनी दुकान की कई महीनों की कमाई बचाते हैं. पिता के मार्गदर्शन और पत्नी के सहयोग को अपनी सफलता की बड़ी वजह मानने वाले उमर अब सरकारी मदद और स्पॉन्सरशिप की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें.
हैदराबाद. सफलता कभी सुविधाओं की मोहताज नहीं होती. इसको साबित किया है कर्नूल में कांग्रेस कार्यालय के पास एक छोटी सी पंक्चर की दुकान चलाने वाले बॉडीबिल्डर उमर ने. आम तौर पर जहां बॉडीबिल्डिंग को एक बेहद महंगा और खर्चिला खेल माना जाता है. वहीं इस खिलाड़ी ने बेहद सीमित संसाधनों और तंगहाली के बीच यह मुकाम हासिल किया है. अब तक उन्होंने कुल 11 प्रमुख बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है. जिनमें से 9 मुकाबलों में उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
इसके अलावा उन्होंने प्रतिष्ठित मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल और मिस्टर आंध्र में भी सिल्वर मेडल जीतकर अपने शहर और पूरे राज्य का नाम रोशन किया है. उमर की दिनचर्या किसी भी युवा के लिए बेहद प्रेरणादायक है. उमर बताते हैं कि उनकी दिन तड़के 4:30 बजे नमाज़ के साथ शुरू होता है. इसके बाद सुबह 5:40 बजे से वे जिम में घंटों पसीना बहाते हैं.
बिना सरकारी मदद के उमर लहरा रहे हैं परचम
उमर ने बताया कि सुबह 8 बजते ही वे अपनी दुकान पर पहुंच जाते हैं और दोपहर 2 बजे तक लगातार पंक्चर और टायर रिपेयरिंग का काम करते हैं. इसके बाद दोपहर में थोड़ा आराम, डाइट और फिर शाम को दोबारा अपनी ट्रेनिंग और काम को पूरा समय देते हैं. बॉडीबिल्डिंग जैसे खेल में प्रोटीन, विशेष डाइट और सप्लीमेंट्स पर हर महीने हजारों रुपये खर्च होते हैं. इनके पास न तो कोई सरकारी मदद है और न ही कोई निजी स्पॉन्सर.वे अपनी दुकान की चार से पांच महीने की गाढ़ी कमाई और पाई-पाई बचत को जोड़कर एक प्रतियोगिता की तैयारी का खर्च उठाते हैं.
कठिन सफर में परिवार का योगदान रहा अहम
इस कठिन सफर में उनके परिवार का योगदान बेहद अहम रहा है. वे अपनी कामयाबी का श्रेय अपने पिता के सही मार्गदर्शन और अपनी पत्नी के निरंतर सहयोग को देते हैं. उनकी पत्नी घर और बच्चों की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ समय पर उनकी डाइट तैयार करती हैं, जिससे वे बिना तनाव के खेल पर ध्यान दे पाते हैं. उनका कहना है कि यदि उन्हें कोई सरकारी सहायता या स्पॉन्सरशिप मिल जाए, तो वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी तिरंगा लहराने का दम रखते हैं.