Last Updated:
Tejashwi Yadav Birthday: कभी क्रिकेट की पिच पर दिल्ली डेयरडेविल्स की जर्सी पहनकर चौके-छक्के लगाने का सपना देखने वाला वो लड़का, आज बिहार की सियासत की सबसे बड़ी धुरी बन चुका है. हम बात कर रहे हैं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक विरासत संबाल रहे तेजस्वी यादव की. तेजस्वी यादव पूरे 37 साल के हो गए हैं. 8 और 9 नवंबर की आधी रात को जैसे ही घड़ी की सुइयों ने 12 नंबर पर दस्तक दी, पटना के राबड़ी आवास पर खुशियों का ऐसा मौका आया कि पूरा लालू परिवार एक फ्रेम में मुस्कुराता नजर आया.
तेजस्वी यादव का जन्म 9 नवंबर 1989 को हुआ था.
पटना. तेजस्वी यादव के 37वें जन्मदिन की शुरुआत उनके पटना स्थित आवास पर बेहद सादगी और पारिवारिक माहौल में हुई. घड़ी की सुइयों ने जैसे ही रात के 12 बजाए, तेजस्वी ने अपनी पत्नी राजश्री यादव, पिता लालू प्रसाद यादव और माता राबड़ी देवी की मौजूदगी में केक काटा. इस बेहद खास पारिवारिक पल में बड़े भाई तेज प्रताप यादव भी साथ खड़े दिखे. माता-पिता ने अपने लाडले बेटे के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और उनके उत्तम स्वास्थ्य व लंबी राजनीतिक उम्र की कामना की.
बता दें कि तेजस्वी यादव का जन्म 9 नवंबर 1989 को हुआ था. वह बिहार के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और फिलहाल वह बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके जन्मदिन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है. नेता और समर्थक उनके स्वस्थ जीवन के साथ लंबी राजनीतिक पारी की कामना कर रहे हैं.
बड़ी बहन मीसा भारती ने केक खिलाकर दिया दुलार
37वें जन्मदिन के अवसर पर तेजस्वी यादव की बड़ी बहन और राज्यसभा सांसद डॉ. मीसा भारती भी बेहद खुश नजर आईं. उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी को खुद अपने हाथों से केक खिलाया और बड़ी बहन का स्नेह व आशीर्वाद दिया. इस जश्न की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गईं और देश-दुनिया में मौजूद तेजस्वी के चाहने वाले, समर्थक और बड़े राजनेता लगातार एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए उन्हें जन्मदिन की बधाइयां भेज रहे हैं.
RJD दफ्तर में कटेगा 37 पाउंड का महाकेक
इस बीच पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित राजद के प्रदेश कार्यालय में आज दिनभर उत्सव का माहौल रहने वाला है. तेजस्वी के 37वें साल में प्रवेश करने की खुशी में पार्टी नेताओं ने 37 पाउंड का एक विशाल केक मंगाया है, जिसे वरिष्ठ पदाधिकारियों और युवा विंग के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में काटा जाएगा. जन्मदिन के इस खास बहाने आरजेडी नेताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के बीच अपनी एकजुटता और ताकत दिखाने का एक बड़ा मौका भी मिल गया है.
क्रिकेट की पिच से बिहार की सियासत के शिखर तक
बता दें कि तेजस्वी यादव के जीवन का अब तक का सफर बेहद दिलचस्प रहा है. कभी क्रिकेट की पिच पर चौके-छक्के लगाने वाले तेजस्वी आज बिहार की राजनीति के सबसे धुरंधर खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. वे बेहद कम उम्र में बिहार के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष के रूप में मजबूती से सरकार को घेर रहे हैं. उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मानना है कि 37वें साल का यह पड़ाव तेजस्वी के राजनीतिक करियर को एक नई और बड़ी ऊंचाई पर ले जाएगा.