Last Updated:
Araria 366 Years Old Kali Temple: बिहार के अररिया जिले के जयनगर गांव में स्थित 366 साल पुराना दक्षिणेश्वरी काली मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां कोसी नदी ने धारा बदलकर गांव की रक्षा की थी. दीपावली पर यहां विशेष अनुष्ठान होता है. कहते हैं यहां सच्चे दिल से मांगी मुराद जरूर पूरी होती है.
अररिया. बिहार के अररिया जिले के भरगामा प्रखंड अंतर्गत जयनगर गांव में स्थित श्री श्री 108 दक्षिणेश्वरी काली मंदिर (दक्षिण कालिका मंदिर) न केवल सीमांचल, बल्कि पूरे सूबे और पड़ोसी देश नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए अगाध आस्था का केंद्र है. गौरवशाली इतिहास को समेटे इस मंदिर में पिछले करीब 366 वर्षों से मां काली की पूजा-अर्चना अनवरत रूप से की जा रही है. लोकल 18 से खास बातचीत में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित तारानंद झा ने इस प्राचीन धरोहर की स्थापना और इससे जुड़े चमत्कारों की विस्तृत कहानी साझा की है.
संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं से जुड़ा है इतिहास
मुख्य पुजारी पंडित तारानंद झा ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि इस मंदिर की स्थापना साल 1659 में उनके ही पूर्वज बबुआ झा द्वारा की गई थी. बुजुर्गों और ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, इस स्थल पर पूजा की शुरुआत महिषी के प्रसिद्ध संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं के सानिध्य और मार्गदर्शन में हुई थी. तब से लेकर आज तक बबुआ झा के वंशज ही इस मंदिर की सेवा और पूजा का जिम्मा संभालते आ रहे हैं. रामकृष्ण परमहंस का नाम भी इस मंदिर के साथ जुड़ा बताया जाता है.
जब मां ने स्वप्न दिया और मुड़ गई कोसी की विनाशकारी धारा
पंडित तारानंद झा ने मंदिर से जुड़ी एक बेहद विस्मयकारी और ऐतिहासिक घटना का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि सदियों पहले जब कोसी नदी की विनाशकारी बाढ़ से पूरा इलाका जलमग्न हो रहा था और जयनगर गांव पर डूबने का खतरा मंडरा रहा था, तब मां काली ने स्वप्न में दर्शन दिए थे. स्वप्न में मिले निर्देश के बाद जब ग्रामीणों और पुरोहितों ने मिलकर मां की विशेष तांत्रिक विधि से पूजा-अर्चना की, तो एक बड़ा चमत्कार हुआ. कोसी नदी ने अचानक अपनी धारा बदल ली और गांव पूरी तरह सुरक्षित बच गया. इस घटना के बाद से मां के प्रति लोगों का विश्वास अटूट हो गया.
मन्नत पूरी होने पर दी जाती है अनोखी बलि
फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित इस मंदिर में यूं तो हर दिन भक्तों का तांता लगा रहता है, लेकिन अमावस्या की रात को यहां विशेष अनुष्ठान होते हैं. पंडित तारानंद झा के मुताबिक, दीपावली के अवसर पर होने वाली श्यामा पूजा का यहां खास महत्व है. मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से मां के दरबार में झोली फैलाता है, उसकी हर मुराद पूरी होती है.
मन्नत पूरी होने पर दीपोत्सव के समय हजारों छागरों (बकरों) की बलि दी जाती है. पहले यहां भैंसों (पाड़ों) की भी बलि दी जाती थी, लेकिन अब जीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए केवल उनके कान पर आंशिक कट लगाकर उन्हें प्रतीकात्मक रूप से छोड़ दिया जाता है.
आज भी सनातन संस्कृति का मजबूत स्तंभ
जयनगर कालिका मंदिर परिसर में 9 दिवसीय भव्य नवाह संकीर्तन का भी आयोजन किया गया है. नवाह संकीर्तन के मंच संचालक अजय झा ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि नवाह संकीर्तन का आयोजन 35वें वर्ष से हो रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है. स्थानीय भालचन्द ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि मां दक्षिणेश्वरी काली का यह पावन दरबार आज भी सनातन संस्कृति और जन-आस्था का एक मजबूत स्तंभ बना हुआ है.