गूगल Photos में फोटो या वीडियो डिलीट करने के बाद उसे वापस पाने के लिए यूजर्स को अब कम समय मिल सकता है. गूगल अपनी Bin यानी Trash की पॉलिसी में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत डिलीट किए गए फोटो और वीडियो को रिकवर करने की समय सीमा मौजूदा 60 दिन से घटाकर 30 दिन की जा सकती है.
यह बदलाव 5 दिसंबर 2026 से लागू होने की जानकारी दी गई है. इसके अलावा, गूगल Photos में एक नया फीचर भी तैयार किया जा रहा है, जिसकी मदद से फोटो में मौजूद इवेंट पोस्टर और अनाउंसमेंट को सीधे गूगल Calendar में जोड़ा जा सकेगा.
गूगल Photos में Bin की समय सीमा 30 दिन होगी
गूगल ने पुष्टि की है कि 5 दिसंबर 2026 से गूगल Photos के Bin में फोटो और वीडियो रखने की अवधि बदल जाएगी. फिलहाल बैकअप किए गए फोटो और वीडियो डिलीट करने के बाद 60 दिन तक Bin में रहते हैं. नई पॉलिसी लागू होने के बाद यह अवधि घटकर 30 दिन रह जाएगी.
इसका मतलब है कि अगर आपसे गलती से कोई फोटो या वीडियो डिलीट हो जाता है, तो उसे वापस पाने के लिए पहले के मुकाबले आधा समय मिलेगा. अगर आप डिलीट की गई फाइल को रखना चाहते हैं, तो उसे 30 दिन के अंदर Bin से रिकवर करना होगा.
हालांकि, यह बदलाव पहले से Bin में मौजूद सभी फाइलों पर लागू नहीं होगा. गूगल के मुताबिक, 5 दिसंबर से पहले डिलीट किए गए फोटो और वीडियो पर पुरानी 60 दिन वाली समय सीमा ही लागू रहेगी.
वहीं, 5 दिसंबर या उसके बाद Bin में भेजी गई फाइलों के लिए 30 दिन का नया नियम लागू होगा. तय समय पूरा होने के बाद ये फाइलें हमेशा के लिए डिलीट हो जाएंगी और उन्हें Bin से वापस नहीं लाया जा सकेगा.
गूगल Photos से सीधे Calendar में जोड़ सकेंगे इवेंट
गूगल Photos में एक और नया फीचर आने की तैयारी है. Android Authority की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल Ask Photos में ‘Add to calendar’ विकल्प पर काम कर रहा है. गूगल Photos के वर्जन 8.0 के APK कोड में इस फीचर से जुड़े संकेत मिले हैं.
इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी फोटो लाइब्रेरी में सेव इवेंट पोस्टर या अनाउंसमेंट को गूगल Calendar में जोड़ सकेंगे. उदाहरण के लिए, किसी कॉन्सर्ट, मीटिंग या दूसरे कार्यक्रम का पोस्टर फोटो में सेव है, तो Ask Photos उससे इवेंट का नाम, तारीख, समय और विवरण पहचानकर Calendar एंट्री तैयार कर सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, फीचर की टेस्टिंग के दौरान Ask Photos पोस्टर से जानकारी पहचानकर Calendar में इवेंट बनाने में सफल रहा. इसके लिए यूजर को Calendar का एक्सेस देना होगा. अगर शुरुआती सेटअप के दौरान परमिशन नहीं दी जाती है, तो बाद में इसे चालू करने के लिए नोटिफिकेशन मिल सकता है.
Calendar एंट्री में ओरिजिनल फोटो का लिंक भी दिया जा सकता है, जिससे यूजर जरूरत पड़ने पर पोस्टर दोबारा देख सकेगा.
हालांकि, टेस्टिंग के दौरान कुछ गड़बड़ियां भी सामने आईं. रिपोर्ट के मुताबिक, Ask Photos ने एक पोस्टर में टाइम जोन की जानकारी न होने के बावजूद अमेरिकी टाइम जोन चुन लिया, जिससे इवेंट का समय गलत दर्ज हो गया.
गूगल ने अभी इस फीचर की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. फिलहाल ‘Add to calendar’ विकल्प डेवलपमेंट के दौर में है और इसकी रिलीज डेट भी सामने नहीं आई है.