Last Updated:
Seoni Fire News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा नगर के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. हादसे में 6 लोगों की जलकर मौत हो गई. मकान से सभी 6 शव निकाले गए हैं. घटना के बाद राहत-बचाव अभियान जारी है. इस दर्दनाक हादसे से पूरे छपारा नगर में शोक की लहर है.
seoni fire news- pic credit- news18
Seoni Chhapara Fire Incident: मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं. सबसे दर्दनाक हादसा सिवनी जिले के छपारा नगर में हुआ, जहां एक मकान में लगी आग में 6 लोगों की जान चली गई. दरअसल, सिवनी के छपारा नगर में महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि मकान में मौजूद 6 लोगों की जलकर मौत हो गई. मकान से निकाले गए शवों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष हैं. आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है. इस हादसे से पूरे नगर में मातम का माहौल है.
भोपाल में दुकान और लॉज वाली इमारत में आग
भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में घोड़ा नाकाश इलाके में सुपारी सेंटर और किराना दुकान में भीषण आग लग गई. इसी इमारत में प्रेम लॉज भी चलता है. आग की लपटों और धुएं के बीच तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन लोग फंस गए. करीब 40 फीट की ऊंचाई पर फंसे इन लोगों को स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर रस्सी के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा. दुकान संचालक प्रेम मंगानी शाम करीब 7 बजे पूजा के बाद दुकान बंद कर घर गए थे. सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम पहुंची. आग का कारण जांचा जा रहा है और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है.
गांधी नगर में दिए से लगी आग
भोपाल के गांधी नगर में ग्रीन वे कॉलोनी की एक मल्टी के पहली मंजिल वाले फ्लैट में आग लग गई. दीपावली पर फ्लैट में दिए जलाए गए थे. बताया जा रहा है कि नीचे रखे दिए से पर्दे ने आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरा घर जल गया. घर के लोग लक्ष्मी पूजन के बाद रिश्तेदारों से मिलने गए थे, इसलिए कोई घायल नहीं हुआ. नगर निगम की दो दमकल गाड़ियों ने फायर फाइटर पंकज यादव और उनकी टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाया. इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर, कपड़े, नकदी और गहने जलकर राख हो गए. वहां के रहने वाले लोगों का आरोप है कि मल्टी में आग बुझाने के इंतजाम नहीं हैं और बिल्डर को कई बार ऐसे मामले बताने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई.
चौकी इमामबाड़ा में कचरे में आग
पुराने भोपाल के चौकी इमामबाड़ा इलाके में लाल मस्जिद के पास रफिकिया स्कूल के नजदीक गली में कचरे के ढेर में रात करीब 11 बजे आग लग गई. कचरे में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल पड़ा था, जिसने अचानक आग पकड़ ली. इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.