Last Updated:
पश्चिमी अफ्रीकी देश सेनेगल के उत्तर-पश्चिमी तट के पास प्रवासियों से भरी एक छोटी नाव समुद्र में डूब गई. हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को जिंदा बचाया गया. नाव शनिवार को लूमपूल के रेत के टीलों के पास पलटी. अधिकारियों ने मृतकों की संख्या को शुरुआती आंकड़ा बताया है.
यूरोप पहुंचने का सपना लेकर समंदर के रास्ते निकले लोगों की एक और दर्दनाक यात्रा मौत पर खत्म हो गई. पश्चिमी अफ्रीकी देश सेनेगल के उत्तर-पश्चिमी तट के पास प्रवासियों से भरी एक छोटी नाव समुद्र में डूब गई. इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि सिर्फ एक व्यक्ति को जिंदा बचाया जा सका. नाव में कितने लोग सवार थे, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. सेनेगल के अधिकारियों ने मृतकों की संख्या को शुरुआती आंकड़ा बताया है और समुद्र में तलाश अभियान जारी है. सेनेगल के गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात जारी बयान में बताया कि हादसे के बाद 21 शव बरामद किए गए हैं. एक व्यक्ति को बचाया गया है. मंत्रालय के मुताबिक, मृतकों के परिवारों की मदद की जा रही है. अधिकारियों ने कहा है कि बचाव और तलाशी अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है.
डकार और सेंट लुई के बीच हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को लूमपूल के रेत के टीलों के पास प्रवासियों से भरी पिरोग नाव पलट गई. यह जगह सेनेगल के केबेेमेर विभाग में है और राजधानी डकार तथा उत्तरी शहर सेंट लुई के बीच पड़ती है. पिरोग एक छोटी, सपाट तली वाली नाव होती है. पश्चिमी अफ्रीका के तटीय इलाकों में मछली पकड़ने और समुद्री यात्रा के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन जब इसी तरह की नावों में बड़ी संख्या में लोगों को बैठाकर यूरोप की ओर भेजा जाता है, तो समुद्र में खतरा कई गुना बढ़ जाता है. सेनेगल के अखबार ‘ले सोलेइल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में मारे गए ज्यादातर लोग इसी विभाग के लियोना और थिप्पे जिलों के रहने वाले थे.
एक दिन पहले 142 प्रवासियों को रोका गया
इस हादसे से एक दिन पहले यानी शुक्रवार को सेनेगल के अधिकारियों ने स्पेन की ओर जा रही एक दूसरी छोटी नाव को रोका था. उसमें 142 प्रवासी सवार थे. पुलिस के मुताबिक, इस समूह में 23 महिलाएं, दो शिशु और दो अन्य बच्चे शामिल थे. नाव में सेनेगल, गाम्बिया, गिनी-बिसाऊ, गिनी और नाइजीरिया के नागरिक मौजूद थे. इस घटना के बाद सेनेगल सरकार ने मानव तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की बात कही है. गृह मंत्रालय के बयान में कहा गया कि सरकार ऐसे नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए पड़ोसी देशों के साथ सहयोग भी मजबूत किया जाएगा.
स्पेन के कैनरी द्वीप पर भी बढ़े प्रवासी
अफ्रीका से यूरोप पहुंचने की कोशिश करने वाले लोगों की संख्या बढ़ने के बीच स्पेन के कैनरी द्वीप समूह में भी दबाव बढ़ रहा है. शनिवार को एल हिएरो द्वीप के अधिकारियों ने प्रवासियों की लगातार बढ़ती आमद को देखते हुए आपात स्थिति घोषित कर दी. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, नवंबर की शुरुआत से अब तक करीब 30 नावों में 3,300 से ज्यादा लोग यहां पहुंच चुके हैं. कैनरी द्वीप स्पेन का हिस्सा हैं और अटलांटिक महासागर में अफ्रीका के उत्तर-पश्चिमी तट के पास स्थित हैं. पश्चिमी अफ्रीका से यूरोप पहुंचने की कोशिश करने वाले प्रवासियों के लिए यह एक प्रमुख रास्ता है.
समुद्री गश्त बढ़ने से और लंबा हुआ खतरनाक रास्ता
सेनेगल, मॉरिटानिया और मोरक्को ने छोटी नावों के जरिए होने वाली अवैध यात्राओं को रोकने के लिए समुद्र में गश्त बढ़ा दी है. इसके चलते मानव तस्कर अब नावों को गाम्बिया, गिनी-बिसाऊ और गिनी के तटों की ओर से रवाना कर रहे हैं. इस बदलाव से यूरोप तक पहुंचने का समुद्री रास्ता पहले से ज्यादा लंबा और खतरनाक हो गया है. छोटी नावों में लंबी दूरी तय करना बेहद जोखिम भरा होता है. खराब मौसम, ऊंची लहरें, नाव में क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाना और खाने-पीने के सामान की कमी यात्रियों की जान पर भारी पड़ सकती है.