NZ से जहां होगा तीसरा वनडे वहां कैसा है IND का रिकॉर्ड? 46 साल में सिर्फ 3 जीत
Last Updated:
India ODI Record at Hamilton: न्यूजीलैंड से हेमिल्टन में वनडे मैच भारतीय टीम इतिहास में सिर्फ एक ही बार जीती है. 2009 में ऐसा हुआ था. वहीं, इस मैदान पर टीम इंडिया कुल तीन ही वनडे जीतने में सफल रही है. न्यूजीलैंड के अलावा उसे जिम्बाब्वे और आयरलैंड के खिलाफ यह जीत मिलीं.
टीम इंडिया का हैमिल्टन में वनडे रिकॉर्ड कैसा है?
नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा. मैच 10 नवंबर यानी कल भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 से शुरू होगा. टीम इंडिया सीरीज में 2-0 से आगे है. पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया था, जबकि दूसरा मुकाबला भारतीय टीम में DLS नियम के तहत 4 रन से अपने नाम किया. ऐसे में टीम इंडिया की नजरें अब हैमिल्टन में होने वाले मैच को जीतकर सीरीज में अजय बढ़त बनाने पर होंगी. आइए यह जानते हैं कि इस मैदान पर टीम इंडिया का वनडे में रिकॉर्ड कैसा है?
46 साल में सिर्फ तीन जीत
हैमिल्टन के मैदान पर टीम इंडिया का वनडे रिकॉर्ड खास नहीं है. 1981 में भारत ने यहां अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था, जिसके बाद से अब तक कुल 12 वनडे टीम इंडिया खेल चुकी है. इन मुकाबलों में उसे सिर्फ तीन ही बार जीत मिली है, जबकि आठ मैचों में हार का सामना करना पड़ा. वहीं, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है. इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय टीम जब भी इस मैदान पर वनडे मुकाबले खेलने आई है, उसे जीत के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली सिर्फ एक जीत
बात करें न्यूजीलैंड से इस मैदान पर हेड टू हेड रिकॉर्ड की तो अब तक भारतीय टीम सिर्फ एक ही वनडे में जीतने में कामयाबी हुई है. 2009 में उसे यह जीत मिली थी. इसके बाद से टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां जीत की तलाश है. न्यूजीलैंड और भारत की इस मैदान पर आठ बार वनडे में भिड़ंत हुई है, जिसमें छह बार कीवी टीम ने जीत दर्ज की है. पिछली बार 2022 में दोनों टीमें हैमिल्टन में आमने-सामने थीं, लेकिन यह मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था और कोई नतीजा नहीं निकला.
2015 में जीता था आखिरी मैच
आखिरी बार हैमिल्टन के मैदान पर टीम इंडिया ने कोई वनडे मुकाबले 2015 में जीता था. तब भारतीय टीम की टक्कर आयरलैंड से हुई थी, जिसमें टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज की. इसके बाद से यहां भारत ने तीन मैच खेले जिनमें कोई जीत नहीं मिली है. इन तीनों बार न्यूजीलैंड से सामना हुआ, जिसमें दो बार कीवियों ने बाजी मारी, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है. ऐसे में भारत की कोशिश आगामी मुकाबले में जीत दर्ज करके हैमिल्टन के मैदान पर अपने वनडे रिकॉर्ड को और बेहतर करने पर होगी. साथ ही भारतीय टीम जीत हासिल करती है तो सीरीज पर भी कब्जा जमाने लेगी.