Last Updated:
Rewa News: रविवार सुबह चांद-कुरौली रोड के आसपास तलाश के दौरान ग्रामीणों को कच्चे रास्ते पर टूटी झाड़ियां दिखीं. आगे बढ़ने पर व्यापारी लाखू चिकवा की बाइक झाड़ियों के बीच मिली. इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में तलाश की. इसी दौरान नाले के पास मिट्टी से ढकी जगह और ताजी मिट्टी दिखाई दी. खुदाई पर व्यापारी का शव निकला.
बकरी व्यापारी की हत्या कर शव जंगल में दफनाया.
रिपोर्ट- शिवेंद्र सिंह बघेल, रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र अंतर्गत चौखंडी गांव में 60 वर्षीय बकरी व्यापारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बकरी खरीदने घर से निकले व्यापारी लाखू चिकवा की लाश जंगल में मिट्टी के नीचे दफन मिली. घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी झाड़ियों में पड़ी मिली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने उन्हें जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
मिली जानकारी के मुताबिक, व्यापारी लाखू चिकवा शनिवार सुबह करीब 7 बजे बकरी खरीदने के लिए घर से निकले थे. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. उनसे मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन फोन नहीं लगा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की गई. रविवार सुबह चांद-कुरौली रोड के आसपास तलाश के दौरान ग्रामीणों को कच्चे रास्ते पर टूटी हुई झाड़ियां दिखाई दीं. आगे बढ़ने पर व्यापारी की बाइक झाड़ियों के बीच मिली. इसके बाद करीब 10 से 12 ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में तलाश की. इसी दौरान नाले के पास मिट्टी से ढकी जगह और ताजी मिट्टी दिखाई दी.
पुलिस को सूचना देने पर खुदाई और जांच के दौरान व्यापारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही अतरैला थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. डभौरा एसडीओपी नारायण सिंह कुम्हरे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआती आशंका है कि लूट के इरादे से व्यापारी की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया गया. घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर विरोध जताया. उन्होंने हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.