आज का मौसम 9 नवंबर: देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आठ से 10 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, केरल, माहे और लक्षद्वीप में आठ नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है. दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है. दूसरी ओर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. IMD के अनुसार, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 9 से 14 नवंबर के दौरान इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 से 10 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में आठ नवंबर को भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
IMD ने दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है. 9 से 10 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे, लक्षद्वीप, रायलसीमा तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों में इसकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. केरल और माहे में 11 और 12 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 9 से 10 नवंबर के दौरान सतही तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है. कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 14 नवंबर तक छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी इस अवधि के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
मौसम हाईलाइट्स
- तमिलनाडु में 10 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट
- कश्मीर में 12 नवंबर को बारिश-बर्फबारी की संभावना
- पंजाब-हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर पर असर पड़ सकता है
- दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
- अंडमान-निकोबार में 13 नवंबर तक भारी बारिश के आसार
- बिहार-झारखंड जैसे राज्यों में तापमान में गिरावट की संभावना
कश्मीर घाटी में बारिश और बर्फबारी के आसार
उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10 और 11 नवंबर तथा 14 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है. 12 और 13 नवंबर को इन क्षेत्रों में अपेक्षाकृत व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 12 नवंबर को कश्मीर घाटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 10 से 14 नवंबर के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों में यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हिमाचल प्रदेश में 11 से 14 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. राज्य में 12 और 13 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. उत्तराखंड में 10 नवंबर और फिर 13 से 14 नवंबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है. पंजाब में 12 से 14 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
अंडमान-निकोबार में 13 नवंबर तक भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आठ से 14 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. 9 से 13 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 9 से 12 नवंबर के दौरान छिटपुट बारिश होने की संभावना है. झारखंड में 10 और 11 नवंबर, बिहार में 11 नवंबर तथा ओडिशा में 10 से 12 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 9 से 12 नवंबर तक छिटपुट बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 13 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है. इन चार राज्यों में 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.
पूर्वी भारत में तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान
तापमान के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी भारत में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक गिरावट आ सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में किसी महत्वपूर्ण बदलाव का अनुमान नहीं है. वहीं, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं जताई गई है. मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी वाले क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.