कपड़ों पर धागे से उकेरती हैं कहानी, पुरानी पीढ़ी की कला को आगे बढ़ा रही हैं सीवान की आरती

कपड़ों पर धागे से उकेरती हैं कहानी, पुरानी पीढ़ी की कला को आगे बढ़ा रही हैं सीवान की आरती


पटना: कभी घरों की चारदीवारी के भीतर महिलाओं के हुनर और धैर्य की पहचान रही सुई-धागे की कला आज नई पहचान की तलाश में है. दादी-नानी से विरासत में मिली इस पारंपरिक कला को अब कुछ महिलाएं आधुनिक स्वरूप देकर आगे बढ़ाने में जुटी है. कपड़ों पर रंग-बिरंगे धागों से उकेरी गई छोटी-छोटी बूटियां, ऐतिहासिक और धार्मिक आकृतियां न सिर्फ हमारी संस्कृति की कहानी कहती हैं, बल्कि उन हाथों की मेहनत भी बयां करती हैं, जिन्होंने पीढ़ियों से इस विरासत को संभालकर रखा है.

सीवान की आरती देवी ऐसी ही एक महिला हैं, जो बचपन में अपनी दादी, मां और बुआ के पास बैठकर दुसूती कढ़ाई और सुई-धागे का काम सीखा करती थी. उस समय तो यह केवल टाइम पास के लिए बनाया जाता है लेकिन अब यही पेंटिंग और कला दूसरी महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का जरिया बन सकता है. आज वह खुद इस कला को आगे बढ़ाने के साथ करीब 10 से 20 महिलाओं को इससे जोड़कर उन्हें प्रशिक्षित कर रही हैं.

सुई-धागे से जीवंत होती हैं लोक आस्था और इतिहास की तस्वीरें
आरती देवी के हाथों में जब सुई और धागा होता है तो साधारण कपड़ा भी एक खूबसूरत कलाकृति में बदलने लगता है. दुसूती कपड़े पर धागों से बनाई जाने वाली बूटियां और अलग-अलग आकृतियां इस कला की खासियत हैं. उनके बनाए काम में राजेंद्र बाबू से लेकर थावे की दुर्गा माता के समीप पूजे जाने वाले रहसू भगत तक की आकृतियां देखने को मिलती हैं. हर कलाकृति की अपनी अलग कहानी और पहचान है.

इस काम में दुसूती कपड़े के साथ ऊन, रेशमी धागे, सुई और फ्रेम का इस्तेमाल होता है. छोटी-सी पेंटिंग तैयार करने में भी तीन से चार दिन का समय लग जाता है. बड़ी कलाकृतियों को तैयार करने में उनके आकार और बारीकी के अनुसार अधिक समय लगता है. इस कला की खूबसूरती केवल दीवारों पर सजने वाली पेंटिंग तक सीमित नहीं है. साड़ी, दुपट्टा, सूट, चादर, कुशन कवर, तकिया और पर्दे जैसे घरेलू और पहनावे के सामान पर भी यह कढ़ाई की जाती है. ग्राहक की पसंद और ऑर्डर के अनुसार भी कलाकृतियां तैयार की जा सकती हैं.

पिछली पीढ़ियों की कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल
इस पारंपरिक कला को लेकर रसमंजरी फाउंडेशन से जुड़े चंदन श्रीवास्तव का मानना है कि उनकी माताओं और दादियों के पास मौजूद हुनर आज की युवा पीढ़ी तक उस रूप में नहीं पहुंच पा रहा है, जिस तरह पहुंचना चाहिए.

वह बताते हैं कि कभी महिलाएं दुसूती और क्रोशिया से बनी कलाकृतियों को अपनी धरोहर के रूप में सहेजती थी. शादी के बाद जब बेटी या बहू का बक्सा खुलता था तो उसमें रखी ये हैंडमेड चीजें परिवार के लिए यादों का हिस्सा बनती थी. चंदन श्रीवास्तव का प्रयास है कि घरों और संदूकों तक सीमित रह गई इस कला को बड़े आर्ट गैलरी और प्रदर्शनियों तक पहुंचाया जाए, ताकि इसे नई पहचान और बाजार मिल सके. उनका मानना है कि जब महिलाएं इस काम में जुटती हैं तो यह केवल हस्तकला नहीं रह जाती, बल्कि उनके लिए एकाग्रता, धैर्य और ध्यान का माध्यम भी बन जाती है.

10 से 20 महिलाओं को जोड़कर रोजगार की उम्मीद
आरती देवी फिलहाल करीब 10 से 20 महिलाओं के साथ मिलकर इस काम को आगे बढ़ा रही हैं. वह अलग-अलग जगहों पर महिलाओं को बुलाकर प्रशिक्षण देती हैं और जहां अवसर मिलता है वहां जाकर भी उन्हें यह कला सिखाती हैं. हालांकि, अभी इस काम को नियमित बाजार और ऑर्डर नहीं मिल पा रहा है. फिलहाल तैयार कलाकृतियों को अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शित किया जा रहा है. उम्मीद है कि लोगों की रुचि बढ़ने और ऑर्डर मिलने से महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. चंदन श्रीवास्तव बताते हैं कि उनका उद्देश्य इन महिलाओं को आगे लाना है, ताकि वे अपनी कला को खुद लोगों के सामने प्रस्तुत कर सकें. संस्था से जुड़ी महिलाएं प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कई अधिकारियों तक अपनी बनाई कलाकृतियां पहुंचा चुकी हैं.

कला को बाजार मिले तो बदल सकती है तस्वीर
इस पहल के सामने सबसे बड़ी चुनौती तैयार उत्पादों के लिए बाजार और नियमित खरीदार तलाशना है. अभी महिलाएं कलाकृतियां तैयार कर रही हैं और उन्हें प्रदर्शित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. अगर इन्हें अच्छी आर्ट गैलरी, प्रदर्शनियों और ऑनलाइन बाजारों से जोड़ा जाए तो यह पारंपरिक हुनर महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका का माध्यम बन सकता है. चंदन श्रीवास्तव युवाओं से अपील करते हैं कि वे इन महिलाओं से जुड़ें, उनकी कला को पहचानें, इसे सीखने का प्रयास करें और उन्हें प्रोत्साहित करें.



Source link