हेड-टू-हेड सिस्टम से बनाएं अपना डेयरी फॉर्म, पशु विज्ञान के प्रोफेसर ने बताए इसके बड़े फायदे

हेड-टू-हेड सिस्टम से बनाएं अपना डेयरी फॉर्म, पशु विज्ञान के प्रोफेसर ने बताए इसके बड़े फायदे


पटना: डेयरी फार्मिंग में पशुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही उनके रखरखाव, खानपान और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर करना भी एक बड़ी चुनौती बन जाता है. ऐसे में आधुनिक डेयरी फार्म के निर्माण में पशुओं को रखने का सही तरीका बेहद महत्वपूर्ण है. इन्हीं व्यवस्थाओं में हेड-टू-हेड (Head-to-Head) सिस्टम तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यह न केवल पशुओं के खानपान और निगरानी को आसान बनाता है, बल्कि मेहनत और समय की बचत में भी अहम भूमिका निभाता है.

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दुष्यंत यादव बताते हैं कि आधुनिक डेयरी फार्मिंग के लिए हेड-टू-हेड सिस्टम एक बेहतर ऑप्शन है. इस व्यवस्था में दो कतारों में बंधे पशुओं का मुंह एक-दूसरे के सामने होता है. दोनों कतारों के बीच एक लंबा और चौड़ा रास्ता बनाया जाता है, जहां से चारा और राशन आसानी से पहुंचाया जा सकता है.

ट्रैक्टर और टीएमआर मशीन से आसान होगा पशुओं को चारा देना
हेड-टू-हेड सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत इसके बीच में बना चौड़ा पैसेज है. आधुनिक डेयरी फार्म में इस रास्ते का इस्तेमाल ट्रैक्टर और टीएमआर मशीन ले जाने के लिए किया जा सकता है. इससे एक साथ दोनों तरफ के पशुओं को चारा और राशन उपलब्ध कराना आसान हो जाता है. डॉ. दुष्यन्त यादव की मानें तो इस व्यवस्था से कम मैनपावर में भी बड़े डेयरी फार्म का संचालन किया जा सकता है. एक-दो श्रमिकों की मदद से ही पूरे शेड में पशुओं को राशन और चारा पहुंचाना संभव हो सकता है.

पशुओं के लिए आरामदायक फ्लोरिंग भी जरूरी
इस सिस्टम में पशुओं के पीछे पर्याप्त खुली जगह उपलब्ध रहती है, जहां वे स्वतंत्र रूप से घूम-फिर सकते हैं. हालांकि, पूरे परिसर में कंक्रीट फ्लोरिंग करना उचित नहीं है. डॉ. दुष्यन्त यादव बताते हैं कि जिस स्थान पर पशु नियमित रूप से खड़े होकर चारा खाते हैं, वहां पक्की कंक्रीट फ्लोरिंग होनी चाहिए. वहीं, पीछे के खुले हिस्से को कच्चा रखा जा सकता है या वहां गंगा बालू या दूसरी बालू बिछाई जा सकती है.

जिन क्षेत्रों में नमी अधिक रहती है या बाढ़ के कारण जमीन पर लगातार गीलापन बना रहता है, वहां पेवर्स ब्लॉक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसका उद्देश्य पशुओं के लिए ऐसी जगह तैयार करना है, जहां वे आराम से रह सकें और फर्श पर अत्यधिक नमी या गंदगी की समस्या न हो.

पानी की व्यवस्था और पशुओं की निगरानी में भी सुविधा
हेड-टू-हेड सिस्टम में पानी पीने की व्यवस्था भी बीच के किसी भी अच्छे जगह या शेड के कोने में की जा सकती है. इसके अलावा, जरूरत के अनुसार पीछे अलग से बाड़ा बनाने का ऑप्शन भी मौजूद रहता है. इस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण पहलू पशुओं के व्यवहार और स्वास्थ्य पर नजर रखना है. टेल-टू-टेल सिस्टम में पशुओं का मुंह विपरीत दिशा में होता है, जबकि हेड-टू-हेड में पशुओं का चेहरा सामने रहता है.

इससे पशुपालक उनके चेहरे, मुंह और मजल की स्थिति को आसानी से देख सकते हैं. पशु का मजल सूखा तो नहीं है, उसके व्यवहार में कोई असामान्य बदलाव तो नहीं है और वह सामान्य रूप से प्रतिक्रिया दे रहा है या नहीं, इन बातों का निरीक्षण करना आसान हो जाता है. साथ ही पशुओं और उनकी देखभाल करने वाले लोगों के बीच बेहतर संवाद और संपर्क भी बनता है.

टेल-टू-टेल की तुलना में क्यों बेहतर माना जाता है हेड-टू-हेड?
टेल-टू-टेल सिस्टम में पशुओं के पीछे का हिस्सा एक ही दिशा में होने के कारण गोबर और यूरिन की स्थिति देखने में सुविधा मिल सकती है. लेकिन इस व्यवस्था में पशुओं के अचानक गोबर या यूरिन करने पर हैंडलर और कर्मचारियों के गंदगी की चपेट में आने की आशंका भी रहती है.

इसके विपरीत, हेड-टू-हेड सिस्टम में पशुओं के चेहरे और व्यवहार का निरीक्षण करना आसान होता है. यही वजह है कि डॉ. दुष्यंत यादव आधुनिक डेयरी फार्म के निर्माण में हेड-टू-हेड सिस्टम को प्राथमिकता देने की सलाह देते हैं.

सही डिजाइन से बढ़ेगी डेयरी फार्म की कार्यक्षमता
आधुनिक डेयरी फार्मिंग सिर्फ अधिक पशु रखने से काम नहीं चलेगा. इसमें पशुओं की सुविधा, स्वास्थ्य की निगरानी, चारे की उपलब्धता और श्रमिकों की कार्यक्षमता का संतुलन भी जरूरी है. हेड-टू-हेड सिस्टम इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई एक उपयोगी व्यवस्था है.



Source link