Last Updated:
गुलाबी नगरी जयपुर इस दीपावली पर पूरी तरह सराबोर है. अमर जवान ज्योति पर श्रीगणेश, धन लक्ष्मी और माँ सरस्वती की बर्फ से बनी प्रतिमाएं लगाई गई हैं, जो लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं. नगर निगम और जेडीए ने दिवाली खुशियों वाली आयोजन के जरिए शहर में उत्सव का माहौल और निखार दिया है. राजधानी के मुख्य बाजारों और इमारतों पर रौनक छाई हुई है. एमआई रोड, परकोटे के भीतरी बाजार, सरकारी इमारतें और स्टेच्यू सर्किल जैसे प्रमुख चौराहे रोशनी से जगमगा रहे हैं. बाजारों में खरीदारी अब लगभग पूरी हो चुकी है और शहर दीपों की रोशनी में नहाया हुआ दिख रहा है.
जयपुर. राजधानी जयपुर दिवाली के रंग में रंगी नजर आ रही है. पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा है. एमआई रोड से लेकर परकोटे के भीतरी बाजारों तक आकर्षक सजावट की गई है. सरकारी इमारतों और स्टेच्यू सर्किल जैसे प्रमुख चौराहों को भी रोशनी से सजाया गया है. बाजारों में दिवाली की खरीदारी लगभग पूरी हो चुकी है और शहर में त्योहार का उल्लास छाया हुआ है.
इस बार अमर जवान ज्योति पर खास आयोजन किया गया है. यहां बर्फ से भगवान श्रीगणेश, मां धनलक्ष्मी और मां सरस्वती की आकर्षक प्रतिमाएं बनाई गई हैं. नगर निगम और जेडीए की ओर से ‘दिवाली खुशियों वाली’ कार्यक्रम के तहत यह विशेष आयोजन किया गया है. बर्फ से बनी इन प्रतिमाओं को देखने के लिए लोगों में खास उत्साह है.
मुख्यमंत्री भजनलाल की अपील
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. वीडियो संदेश के जरिए उन्होंने कहा कि ये त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति की आत्मा और पारिवारिक एकजुटता के प्रतीक भी हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देती है. उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में प्रेम, भाईचारे व सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की.
स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों से खरीदारी की अपील
भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को अपनाने का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा कि त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों से सामान खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए. इससे स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने और खुशहाल राजस्थान के निर्माण में योगदान देने की अपील की.
दिवाली पर अस्पताल भी अलर्ट
दिवाली के जश्न के बीच चिकित्सा विभाग ने भी विशेष तैयारी की है. पटाखों से जलने, आंखों में चोट लगने और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है. अस्पतालों की बर्न यूनिट और ट्रॉमा सेंटर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत इलाज मिल सके.