स्ट्रॉबेरी ने बदली किस्मत, खेती-किसानी छोड़ने की थी तैयारी, बिहार के किसान ने बताया तरीका

स्ट्रॉबेरी ने बदली किस्मत, खेती-किसानी छोड़ने की थी तैयारी, बिहार के किसान ने बताया तरीका


Last Updated:

अब पुरानी पीढ़ी के लोग बुजुर्ग होते जा रहे हैं ऐसे में नई पीढ़ी के कई युवक भी खेती-किसानी कर रहे हैं. कई युवा तो ऐसे भी हैं जिन्होंने अपनी प्राइवेट नौकरियां छोड़कर खेती-किसानी का रुख किया. ऐसे में लोग खेती को सिर्फ परंपरागत तरीके से नहीं करते बल्कि खेती को रेगुलर इनकम का जरिया बना रहे हैं. इसके लिए लोग बाजार की डिमांड को समझते हुए ऐसी चीजों की खेती करते हैं जिन्हें बेचना आसान होता है.

आशीष कुमार/पश्चिम चम्पारण: बदलते समय और लोगों की बदलती डिमांड को देखते हुए अब कई किसानों ने अपनी खेती-किसानी का तरीका भी बदला है. खेती-किसानी से दूरी बनाकर रखने वाले कई युवा भी अब खेती किसानी कर रहे हैं. कुछ ऐसे युवा भी हैं जो 10-20 हजार रुपये की प्राइवेट नौकरी छोड़कर खेती-किसानी कर रहे हैं और अपने गांव घर में रहते हुए उतना पैसा कमा ले रहे हैं. ये सब नई पीढ़ी के किसान आधुनिक तरीके से खेती किसानी करके इससे बढ़िया कमाई कर रहे हैं. बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले के भी कई किसान परंपरागत खेती से हटकर बाजार में डिमांड वाले फल, फूल और सब्जी आदि की खेती कर रहे हैं. यहां के किसान स्ट्रॉबेरी की खेती को बढ़ावा दे रहे हैं. नरकटियागंज, मझौलिया, नौतन और बगहा जैसे प्रखंडों में इस फल की फार्मिंग व्यवसायिक रूप से की जा रही है. कई किसानों ने स्ट्रॉबेरी की खेती में बढ़िया नाम और सफलता पाई है. हम आपको उन्हीं किसानों के जरिए स्ट्रॉबेरी की खेती के बारे में जरूरी जानकारी देने जा रहे हैं.

आर्थिक स्थिति बदलती है स्ट्रॉबेरी की खेती
मझौलिया के बनकट मुसहरी निवासी रविकांत पांडे और नरकटियागंज के बडनिहार निवासी कृषक विजय पांडे ने स्ट्रॉबेरी के सबसे सफल किसानों में अपना नाम दर्ज कराया है. इस लेख में हम उनकी कहानी और स्ट्रॉबेरी की खेती पर कुछ विशेष जानकारी साझा कर रहे हैं. लोकल 18 से बात करते हुए रविकांत बताते हैं कि वो एक कृषक परिवार से ताल्लुक रखते हैं. 10 वर्षों तक आलू, गन्ना, धान और गेहूं की परंपरागत खेती करने के बाद उन्होंने कृषि से मुंह मोड़ना शुरू कर दिया था. उनका कहना है कि खेती से इतनी इनकम नहीं हो पाती थी, जिससे वे अपना परिवार चला पाएं. फिर एक दिन उन्होंने दूरदर्शन पर स्ट्रॉबेरी की खेती पर विशेष एपिसोड देखा. उसी दिन उन्होंने इस फल की खेती का मन बना लिया.

पहली बार में 4 लाख रुपए की आमदनी
रविकांत ने इसकी खेती आधे एकड़ से शुरू की. इस पर एक लाख का खर्च आया. अक्टूबर में पौधा रोपण के बाद अगले वर्ष मार्च में उनकी फार्मिंग पूरी हुई, जिससे उन्हें 4 लाख रुपए की आमदनी हुई. रविकांत अब अपने अनुभव से दो एकड़ में स्ट्रॉबेरी की फार्मिंग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि इसकी खेती के लिए सबसे पहले मिट्टी की सही परख होनी चाहिए. स्ट्रॉबेरी की फार्मिंग बलुई दोमट मिट्टी में बेहतर होती है. एक एकड़ में आप करीब 22,000 पौधे लगा सकते हैं. हालांकि, इसकी सिंचाई के लिए आपको ड्रिप तकनीक अपनानी होगी.

50 दिनों में फलन शुरू
वे बताते हैं कि पौधा लगाने के महज 40 से 50 दिनों के अंदर ही फलन शुरू हो जाता है. सितंबर से नवंबर महीने तक इसे खेतों में लगाया जा सकता है. हां, कृषक इस बात का ध्यान रखें कि बिहार में स्ट्रॉबेरी की डाउन विंटर वैरायटी का फलन अच्छा होता है, इसलिए इसी किस्म का चुनाव करना उचित है.



Source link