Last Updated:
Bulandshahr News: बुलंदशहर में काली नदी पर ब्रिटिश कालीन जर्जर पुल के बराबर में 18.97 करोड़ रुपये से नया डबल लेन पुल बनेगा. शासन ने बजट मंजूर कर धनराशि जारी कर दी है. दीपावली बाद सेतु निगम काम शुरू कराएगा, जिससे बाईपास पर जाम से राहत मिलेगी.
काली नदी पर ₹18.97 करोड़ से बनेगा नया डबल लेन पुल (फोटो-AI)
Bulandshahr News: बुलंदशहर के मुख्य बाईपास पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से जूझ रहे हजारों वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. योगी सरकार ने हामिदपुर-सिकंदराबाद-कुचेसर स्टेट हाईवे (SH DD-335) स्थित काली नदी पर नए डबल लेन पुल के निर्माण को अंतिम मंजूरी देते हुए बजट जारी कर दिया है. सेतु निगम द्वारा तैयार 18.97 करोड़ रुपये के एस्टीमेट पर मुहर लगने के साथ ही निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है. दीपावली के बाद इस पुल का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा.
अंग्रेजों के जमाने के संकरे पुल से मिलेगी निजात
हामिदपुर-सिकंदराबाद-कुचेसर स्टेट हाईवे पर वर्तमान में ब्रिटिश हुकूमत के दौर का बना सिंगल लेन पुल मौजूद है. दशकों पुराना यह पुल न सिर्फ बेहद संकरा है, बल्कि वर्तमान में पूरी तरह जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है. मुख्य बाईपास होने के चलते यहां से रोजाना भारी संख्या में भारी वाहन और शहर का यातायात गुजरता है.
संकरा पुल होने की वजह से काली नदी पुल क्षेत्र में अक्सर लंबा जाम लग जाता था और गाड़ियां घंटों फंसी रहती थीं. इसी गंभीर समस्या को देखते हुए शासन स्तर पर बाईपास चौड़ीकरण और नए पुल के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई थी.
₹18.97 करोड़ की लागत से बनेगा 12 मीटर चौड़ा पुल
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने पुराने ब्रिटिश कालीन सिंगल लेन पुल के ठीक बराबर में नया डबल लेन पुल बनाने के लिए 18.97 करोड़ रुपये का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा था. शासन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए धनराशि भी निर्गत कर दी है. प्रस्तावित नया डबल लेन पुल 30 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा होगा. पर्याप्त चौड़ाई होने के चलते दोनों तरफ का भारी और हल्का यातायात बिना किसी रुकावट के सुगमता से निकल सकेगा.
गुलावठी से कुचेसर तक सड़क सुदृढ़ीकरण की भी तैयारी
पुल निर्माण के साथ-साथ इस पूरे मार्ग को दुरुस्त करने की कवायद भी जारी है. लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पूर्व में हामिदपुर-सिकंदराबाद-कुचेसर स्टेट हाईवे के गुलावठी से कुचेसर वाले हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा था. सेतु निगम के पुल को मंजूरी मिलने के बाद अब पीडब्ल्यूडी के इस सड़क चौड़ीकरण प्रस्ताव को भी जल्द ही हरी झंडी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. सड़क और नए पुल दोनों के तैयार होने के बाद इस पूरे कॉरिडोर पर सफर बेहद आसान हो जाएगा.
अधिकारियों ने निर्माण को लेकर क्या कहा?
सेतु निगम के डीपीएम अरुण गुप्ता ने बताया कि शासन ने हामिदपुर-सिकंदराबाद-कुचेसर एसएच डीडी-335 पर काली नदी पर डबल लेन पुल निर्माण के लिए 18.97 करोड़ रुपये के एस्टीमेट को स्वीकृति प्रदान कर दी है. बजट जारी हो चुका है और दीपावली के तुरंत बाद धरातल पर निर्माण शुरू कराने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी.
वहीं, प्रांतीय खंड के एक्सईएन राहुल शर्मा ने जानकारी दी कि सेतु निगम के डबल लेन पुल को मंजूरी मिल चुकी है. इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए गुलावठी से कुचेसर तक के सड़क खंड के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव को भी शासन स्तर से जल्द ही प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की पूरी संभावना है.