Last Updated:
Kannauj News: कन्नौज में बदलते मौसम से वायरल फीवर, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ी है. जिला अस्पताल के डॉक्टर बीके पपने ने लोगों को सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है. बताया कि बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है. दिन और रात के तापमान में बदलाव के चलते मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. जिला अस्पताल में वायरल फीवर, खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है. अस्पताल की ओपीडी में पहुंचने वाले मरीज बुखार, शरीर में दर्द, हाथ-पैरों में दर्द और सर्दी-जुकाम की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
कन्नौज: बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है. दिन और रात के तापमान में बदलाव के चलते मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. जिला अस्पताल में वायरल फीवर, खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है. अस्पताल की ओपीडी में पहुंचने वाले मरीज बुखार, शरीर में दर्द, हाथ-पैरों में दर्द और सर्दी-जुकाम की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
शरीर में दर्द का न समझें सामान्य
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. बीके पपने ने बताया कि बदलते मौसम में वायरल फीवर का रुझान बढ़ा है. इसके साथ ही खांसी और जुकाम के मरीज भी लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं. मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि कई बार लोग बुखार और शरीर में दर्द को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर परेशानी बढ़ा सकता है.
डॉ. बीके पपने ने लोगों को सलाह दी कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार की शिकायत हो या हाथ-पैरों में दर्द महसूस हो तो तत्काल अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से संपर्क करें. समय रहते आवश्यक जांच कराना बेहद जरूरी है, जिससे बीमारी की सही पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके. उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह के खुद से दवाइयों का सेवन करने से बचना चाहिए.
मौसमी बीमारी से बचने के लिए साफ सफाई पर दें ध्यान
मौसमी बीमारियों और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. घरों में रखे कूलर का पानी नियमित रूप से बदलते रहें. घर के आसपास गमलों, टायरों, खाली बर्तनों और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें. जमा पानी में मच्छर पनपने की आशंका रहती है. मच्छरों से बचने के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनें और रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें. इसके अलावा खानपान में भी विशेष सावधानी बरतें. हमेशा ताजा और साफ भोजन करें तथा स्वच्छ पानी का सेवन करें. बाहर खुले में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करें.
मौसम बदलने के दौरान पर्याप्त आराम करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का विशेष ध्यान रखें. यदि घर में किसी को बुखार या खांसी-जुकाम की शिकायत है तो उसे नजरअंदाज न करें डॉक्टर का कहना है कि थोड़ी सी सतर्कता और समय पर उपचार से मौसमी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है. बुखार, खांसी या शरीर में दर्द होने पर लापरवाही न करें और चिकित्सक की सलाह जरूर लें.