MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
मध्य प्रदेश में आज नो UPI डे, व्यापारियों का सांकेतिक विरोध
मध्य प्रदेश में आज नो UPI डे मनाया जा रहा है. यह व्यापारियों का सांकेतिक विरोध है. व्यापारी 2000 रुपये से ज्यादा के UPI पेमेंट पर MDR का विरोध कर रहे हैं. व्यापारी UPI स्कैनर पर काला कपड़ा डालकर विरोध जता रहे हैं. उनका कहना है कि थोक किराना बाजार में 90 फीसदी से ज्यादा लेनदेन 2000 रुपये से ऊपर का होता है. MDR के फैसले से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है. उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले कैशलेस बिजनेस की आदत डाली और अब चार्ज वसूली की जा रही है. 2000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान पर शुल्क को लेकर व्यापारियों में नाराजगी साफ नजर आ रही है. वहीं 16 अक्टूबर से राज्य के 4700 पेट्रोल पंपों पर 2000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान का विरोध होगा.
टिकट जांच से रेलवे को 3.13 करोड़ की कमाई
छत्तीसगढ़ में 20 दिन में टिकट जांच से रेलवे को 3.13 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 1 से 20 सितंबर तक 43710 मामलों में कार्रवाई की गई. बिलासपुर मंडल से सबसे ज्यादा 1.51 करोड़ रुपये की वसूली की गई. रायपुर से 77.04 लाख रुपये की वसूली की गई. बिना टिकट और अनियमित टिकट पर रेलवे की कार्रवाई जारी है.
सिवनी में अवैध कच्ची शराब पर पुलिस का एक्शन जारी, 2500 किलो महुआ लहान किया नष्ट
सिवनी शहर के गंज वार्ड में अवैध कच्ची शराब निर्माण के अड्डों पर पुलिस ने फिर बड़ी कार्रवाई की है. एसपी के निर्देश पर एडिशनल एसपी के नेतृत्व में 60 से ज्यादा पुलिस जवानों द्वारा यह पूरी कार्रवाई की गई. पुलिसबल ने दबिश देकर 125 डिब्बों और 15 बड़े ड्रमों में भरा करीब 2500 किलो महुआ लहान बरामद किया. यह महुआ लहान नालियों के पास जमीन के अंदर डिब्बों में मिला. पुलिस ने मौके पर ही महुआ लहान को नष्ट कर दिया.
रायपुर में ‘आधार’ से जुड़ेंगे बिजली कनेक्शन
रायपुर में बिजली कनेक्शनों को ‘आधार’ से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. राजधानी के बिजली दफ्तरों में हर गुरुवार को विशेष कैंप लगेंगे. मोर बिजली ऐप से घर बैठे भी e-KYC कर सकेंगे. e-KYC से अवैध कनेक्शन और बिजली फर्जीवाड़े पर शिकंजा कसेगा. e-KYC के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और BP नंबर जरूरी होगा.
छत्तीसगढ़ के सभी 33 कलेक्टरों को NSA की विशेष शक्तियां
छत्तीसगढ़ के सभी 33 कलेक्टरों को NSA की विशेष शक्तियां मिलेंगी. ये शक्तियां 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगी. गृह विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की. लोक व्यवस्था और राज्य की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वालों पर कार्रवाई होगी. सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर भी शिकंजा कसेगा. कलेक्टर विशेष परिस्थितियों में निवारक निरोध की कार्रवाई कर सकेंगे.
ग्वालियर के LNIPE में हंगामा, छात्रों ने कुलगुरु का किया घेराव
ग्वालियर के LNIPE में देर रात हंगामा हो गया. छात्रों ने कुलगुरु का घेराव किया. गुवाहाटी में छात्रा श्रुति उपाध्याय की मौत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. रजिस्ट्रार के इस्तीफे और छात्रा के परिजन को 50 लाख की आर्थिक सहायता की मांग की. कुलगुरु ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 11:15 बजे पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय पहुंचेंगे. वह राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. दोपहर 12:35 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों और मंत्रियों के साथ बैठकें करेंगे. स्कूल शिक्षा, राजस्व और उच्च शिक्षा विभाग के साथ चर्चा होगी. क्रमशः 12:40 बजे, 1:10 बजे और 1:25 बजे बैठक होगी. महिला एवं बाल विकास, पंचायत-ग्रामीण विकास और नगरीय विकास विभाग के साथ दोपहर 1:40 से 1:55 बजे तक चर्चा होगी. सीएम दोपहर 2:10 बजे सीधी के बलराम कृषि महोत्सव से VC के जरिए जुड़ेंगे. दोपहर 2:30 बजे सामान्य प्रशासन विभाग के साथ चर्चा होगी. इसके बाद सीएम 3:10 बजे होटल जहांनुमा पहुंचेंगे. वह शाम 4:30 बजे सिंहस्थ महापर्व को लेकर संगोष्ठी, समत्व में भारत स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे.
ग्वालियर में युवक की गोली मारकर हत्या, भोला सिकरवार हत्याकांड से जुड़े तार
ग्वालियर में बीती रात करीब 12 बजे कत्ल की वारदात सामने आई है. छोटू राजावत नाम के युवक की हत्या कर दी गई. रेस कोर्स रोड पर गोली मारकर हत्या की गई है. बाइक से आए चार-पांच लोगों ने वारदात को अंजाम दिया. ग्वालियर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है. युवक की हत्या के तार भोला सिकरवार हत्याकांड से जुड़ रहे हैं.
भोपाल में वकील की कथित पुलिस पिटाई से आक्रोश, वकीलों ने जहांगीराबाद थाने का किया घेराव
भोपाल के जहांगीराबाद थाने में वकील के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में थाने का घेराव कर दिया. वकीलों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. देर रात थाने के बाहर वकीलों की भीड़ जुटने लगी और तनाव की स्थिति बनी रही.