CSIR NET December 2026 : साइंस एंड टेक्नोलॉजी फील्ड में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. CSIR NET दिसंबर 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि नजदीक आ गई है. कल यानी 9 नवंबर को आवेदन करने की अंतिम तिथि है. पात्र अभ्यर्थी कल रात 11 बजकर 50 मिनट तक ऑनलाइन आवेदन फॉर्म सबमिट कर सकते हैं. इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 5 नवंबर तय की गई थी. उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन ऑफिशियल वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाकर करना है.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के अनुसार, सीएसआईआर नेट दिसंबर 2026 के लिए अब तक 201464 से अधिक उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन पूरा कर चुक हैं और आवेदन शुल्क भी जमा कर चुके हैं. वहीं, अब तक 2,39,582 आवेदन फॉर्म जमा किए जा चुके हैं. ऐसे में जो उम्मीदवार अभी तक आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं, उनके पास फॉर्म भरने का आखिरी मौका है.
किस लिए होती है CSIR NET परीक्षा?
सीएसआईआर नेट का आयोजन साइंस और इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी फील्ड में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर/लेक्चरर बनने की योग्यता निर्धारित करने के लिए किया जाता है. यह एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है. इसे पास करने वाले छात्रों को भारत सरकार द्वारा विज्ञान विषयों में पीएचडी या शोध करने के लिए फेलोशिप (स्कॉलरशिप) मिलती है (शुरुआती दो साल ₹31,000 प्रति माह + अन्य लाभ).
इसके अलावा सीएसआईआर नेट स्कोर के माध्यम से आईआईटी, IISc, TIFR और CSIR की विभिन्न राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं में रिसर्च और प्रोजेक्ट्स के अवसर मिलते हैं.
आवेदन शुल्क
विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क इस प्रकार तय किया गया है-
- सामान्य (General) श्रेणी: 1,150 रुपये
- ईडब्ल्यूएस (EWS) एवं ओबीसी (OBC-NCL): 600 रुपये
- अनुसूचित जाति (SC) / अनुसूचित जनजाति (ST) / दिव्यांग (PwD) / थर्ड जेंडर: 325 रुपये
कैसे करें आवेदन
1. उम्मीदवार सबसे पहले NTA की आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाएं.
2. होमपेज पर ” जॉइंट सीएसआईआर-यूजीसी नेट दिसंबर 2026 रजिस्ट्रेशन ” लिंक पर क्लिक करें.
3. इसके बाद “न्यू रजिस्ट्रेशन ” पर क्लिक करके अपनी मूलभूत जानकारी दर्ज करें और एप्लिकेशन नंबर प्राप्त करें.
4. लॉगिन करके फॉर्म में मांगी गई सभी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारियां सही-सही भरें.
5. पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी डॉक्यूमेंट निर्धारित फॉर्मेट में अपलोड करें.
6. अपनी श्रेणी के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क का भुगतान करें.
7. इसके बाद फॉर्म का फाइनल प्रिंटआउट डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें.