Last Updated:
5 नवंबर को नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ की थिएटर्स में धूम है. नमित मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं. इन दोनों से पहले भी कई सितारे पर्दे पर राम-सीता का रोल अदा कर चुके हैं.
नई दिल्ली. हर बार अलग-अलग कलाकारों ने इन किरदारों को निभाकर दर्शकों के सामने रामायण की कहानी को नए अंदाज में पेश किया. कुछ कलाकारों को इन भूमिकाओं से इतनी लोकप्रियता मिली कि लोग आज भी उन्हें भगवान राम और माता सीता के रूप में याद करते हैं.
अन्ना सालुंके : रामायण पर आधारित फिल्मों की शुरुआत साल 1917 में आई फिल्म ‘लंका दहन’ से मानी जाती है. उस दौर में महिलाओं का फिल्मों में काम करना अच्छा नहीं माना जाता था. ये वजह थी कि इस फिल्म में राम और सीता, दोनों का किरदार अन्ना सालुंके ने ही निभाया था. इस तरह भारतीय सिनेमा में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले शुरुआती कलाकारों में उनका नाम शामिल हुआ.
प्रेम अदीब और शोभना समर्थ : हिंदी सिनेमा के शुरुआती दौर में प्रेम अदीब और शोभना समर्थ की जोड़ी ने राम और सीता के किरदार से खूब लोकप्रियता हासिल की. दोनों ने फिल्म ‘भारत मिलाप’ (1942) और ‘राम राज्य’ (1943) में भगवान राम और माता सीता की भूमिका निभाई थी. इन फिल्मों को दर्शकों का खूब प्यार मिला और दोनों कलाकारों की छवि इन किरदारों से जुड़ गई.
महिपाल और अनीता गुहा : साल 1961 में रिलीज हुई फिल्म ‘संपूर्ण रामायण’ में महिपाल ने भगवान राम और अनीता गुहा ने माता सीता की भूमिका निभाई थी. फिल्म में दोनों कलाकारों के अभिनय को काफी पसंद किया गया.
अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया : जब भी पर्दे पर राम और सीता के किरदार की बात होती है, तो अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया का नाम सबसे पहले याद आता है. रामानंद सागर के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘रामायण’ (1987) में दोनों ने भगवान राम और माता सीता की भूमिका निभाई थी. इस शो ने घर-घर में अपनी पहचान बनाई. अरुण गोविल को लोग आज भी राम के रूप में देखते हैं, वहीं दीपिका चिखलिया भी माता सीता के किरदार के लिए जानी जाती हैं.
गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी : साल 2008-2009 में प्रसारित हुए टीवी शो ‘रामायण’ में गुरमीत चौधरी ने भगवान राम और देबिना बनर्जी ने माता सीता का किरदार निभाया था. दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इस शो के दौरान ही दोनों कलाकारों की नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने शादी भी कर ली.
आशीष शर्मा और मद्राक्षी मुंडे : टीवी शो ‘सिया के राम’ (2015-2016) में रामायण की कहानी को माता सीता के नजरिए से दिखाया गया था. इसमें आशीष शर्मा ने भगवान राम और मद्राक्षी मुंडे ने माता सीता की भूमिका निभाई थी. शो को उसकी अलग कहानी और कलाकारों के अभिनय के लिए पहचान मिली.
प्रभास और कृति सेनन : साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘आदिपुरुष’ में प्रभास ने राघव यानी भगवान राम और कृति सेनन ने जानकी यानी माता सीता का किरदार निभाया था. ओम राउत के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा हुई थी.