नई दिल्ली. शिल्पा शिरोडकर ने साल 1989 में फिल्म ‘भ्रष्टाचार’ से एक्टिंग डेब्यू किया था. इस फिल्म में वो रेखा और मिथुन चक्रवर्ती के साथ नजर आई थीं. शिल्पा ने अपनी पहली फिल्म के को-स्टार मिथुन चक्रवर्ती से करीबन 2 दशक बाद मुलाकात की. एक्ट्रेस ने मिथुन चक्रवर्ती से दो दशक बाद मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए इमोशनल कैप्शन लिखा है.
शिल्पा शिरोडकर ने मिथुन दा के प्रति आभार जताते हुए उन्हें अब तक मिले लोगों में सबसे नेकदिल इंसान बताया. अभिनेत्री ने यह भी कहा कि अगर मिथुन चक्रवर्ती ने शुरुआत में उन पर भरोसा नहीं किया होता, तो शायद आज वह जिस मुकाम पर हैं, वहां तक नहीं पहुंच पातीं.
शिल्पा शिरोडकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिथुन चक्रवर्ती के साथ एक फोटो शेयर की. इसके साथ उन्होंने एक भावुक नोट भी लिखा. एक्ट्रेस ने बताया कि दो दशक बीत जाने के बावजूद उनके और मिथुन दा के रिश्ते में कुछ नहीं बदला है. दोनों ने मुलाकात के दौरान पुराने दिनों को याद किया और साथ में अच्छा वक्त बिताया.
शिल्पा ने मिथुन से मुलाकात की शेयर की फोटो
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘दो दशक बीत गए, लेकिन कुछ भी नहीं बदला है. आज मिथुन दा से मुलाकात हुई और पुराने दिनों को याद करते हुए बहुत अच्छा समय बिताया. सच कहूं तो, अगर उस वक्त उन्होंने मुझ पर भरोसा नहीं किया होता, तो आज मैं जो हूं, वह नहीं होती’.
यहां देखें फोटो
शिल्पा ने मिथुन दा से मुलाकात की फोटो शेयर की. (साभार इंस्टाग्राम shilpashirodkar73)
उन्होंने आगे लिखा, ‘दादा, मुझ पर हमेशा भरोसा करने और इतना प्यार देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. आप अब तक मिले लोगों में सबसे नेकदिल इंसान हैं और आज भी बिल्कुल वैसे ही हैं. आप हमेशा मेरे सबसे पसंदीदा दादा रहेंगे. आपसे बहुत प्यार है’.
गौरतलब है कि शिल्पा शिरोडकर और मिथुन चक्रवर्ती ने 1990 के दशक में कई फिल्मों में साथ काम किया था. दोनों की जोड़ी उस दौर में दर्शकों के बीच काफी पसंद की जाती थी. दिलचस्प बात यह है कि शिल्पा ने साल 1989 में फिल्म ‘भ्रष्टाचार’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती भी अहम भूमिका में थे. फिल्म में रेखा, अनुपम खेर और रजा मुराद जैसे कलाकार भी नजर आए थे, जबकि रजनीकांत ने विशेष भूमिका निभाई थी.
इसके बाद दोनों ने ‘योद्धा’ (1991), ‘त्रिनेत्र’ (1991), ‘रंगबाज’ (1996) और ‘हिटलर’ (1998) जैसी फिल्मों में साथ काम किया. इन फिल्मों के दौरान दोनों के बीच अच्छा रिश्ता बना, जिसे शिल्पा आज भी बेहद खास मानती हैं.